उत्तर प्रदेश

विधायक श्री तेजपाल नागर जी के अथक प्रयासों से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी से IBA प्रतिनिधिमंडल की महत्वपूर्ण एवं सार्थक भेंट

लखनऊ: दादरी विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक माननीय श्री तेजपाल नागर जी के अथक प्रयासों, सतत मार्गदर्शन एवं सहयोग से इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA), गौतम बुद्ध नगर के प्रतिनिधिमंडल को उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री पूज्य श्री योगी आदित्यनाथ जी से लोक भवन, लखनऊ में सौजन्य भेंट एवं महत्वपूर्ण विचार-विमर्श का अवसर प्राप्त हुआ। यह भेंट विधायक श्री तेजपाल नागर जी द्वारा उद्यमियों से किए गए वादे को निभाने का सार्थक परिणाम रही।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री जी ने प्रतिनिधिमंडल के सभी सदस्यों का अत्यंत आत्मीयता एवं सम्मान के साथ स्वागत किया। उन्होंने प्रत्येक सदस्य का परिचय प्राप्त किया तथा उद्यमियों की समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता और धैर्यपूर्वक सुना। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री जी के दूरदर्शी नेतृत्व, सुशासन, सुदृढ़ कानून-व्यवस्था, निवेश-अनुकूल वातावरण तथा तीव्र गति से विकसित हो रहे औद्योगिक आधारभूत ढाँचे की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश देश के अग्रणी औद्योगिक एवं निवेश गंतव्यों में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित कर रहा है।

इस अवसर पर IBA प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) तथा औद्योगिक विकास से संबंधित 10 महत्वपूर्ण सुझावों का ज्ञापन मुख्यमंत्री जी को सौंपा। साथ ही भगवान श्री बालाजी की पावन प्रतिमा भेंट कर उनका अभिनंदन किया। बैठक में वरिष्ठ उद्यमी डॉ. चंचल वार्ष्णेय सहित प्रतिनिधिमंडल के सभी सदस्य उपस्थित रहे।

IBA अध्यक्ष श्री अमित कुमार उपाध्याय ने ज्ञापन के प्रथम बिंदु पर विस्तार से चर्चा करते हुए 2000 वर्गमीटर तक के औद्योगिक भूखंडों के आवंटन में प्रचलित ई-निविदा (E-Bidding) व्यवस्था में व्यावहारिक सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान व्यवस्था छोटे एवं मध्यम उद्यमियों के सामने अनेक कठिनाइयाँ उत्पन्न करती है। मुख्यमंत्री जी ने इस विषय को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

ज्ञापन के चौथे बिंदु पर औद्योगिक भूखंडों पर भवन निर्माण पूरा करने की निर्धारित समय-सीमा तथा विलंब शुल्क से संबंधित समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने उद्यमियों को व्यावहारिक राहत देने का अनुरोध किया, जिस पर मुख्यमंत्री जी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।

इसके अतिरिक्त औद्योगिक क्षेत्रों में आधुनिक अग्निशमन केंद्रों की स्थापना, निर्यात संवर्धन केंद्र (Export Promotion Centre), सामुदायिक केंद्र, एकमुश्त समाधान योजना (OTS), सिंगल विंडो प्रणाली को प्रभावी बनाने, विश्वस्तरीय औद्योगिक आधारभूत संरचना विकसित करने, मुख्यमंत्री औद्योगिक संवाद समिति के गठन तथा मॉडल औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई।

IBA अध्यक्ष श्री अमित कुमार उपाध्याय ने कहा कि मुख्यमंत्री जी के साथ हुई यह भेंट अत्यंत आत्मीय, सकारात्मक एवं परिणामोन्मुख रही। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल के प्रत्येक सुझाव को गंभीरता से सुना और संबंधित विषयों पर सकारात्मक रुख अपनाया। इससे गौतम बुद्ध नगर सहित प्रदेश के उद्यमियों में विश्वास और उत्साह का संचार हुआ है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री जी के कुशल नेतृत्व में उत्तर प्रदेश का औद्योगिक विकास नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगा तथा MSME क्षेत्र को और अधिक मजबूती मिलेगी।

श्री उपाध्याय ने दादरी विधानसभा के लोकप्रिय विधायक माननीय श्री तेजपाल नागर जी के प्रति विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उद्योगों एवं उद्यमियों के हितों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने उद्यमियों से किया अपना वादा निभाते हुए मुख्यमंत्री जी से यह महत्वपूर्ण भेंट सुनिश्चित कराई। विधायक जी सदैव उद्योग जगत एवं जनसामान्य की समस्याओं के समाधान के लिए सहजता, संवेदनशीलता और तत्परता से कार्य करते हैं,

अमित उपाध्याय ने कहा कि इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA), गौतम बुद्ध नगर तथा समस्त उद्यमी समाज विधायक श्री तेजपाल नागर जी के अथक प्रयासों, सतत सहयोग एवं उद्योग हित में सक्रिय भूमिका के लिए हृदय से आभार एवं कृतज्ञता व्यक्त करता है।

रिपोर्टर भगवत प्रसाद शर्मा

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!