डेयरी पर दूध डालकर लौट रही युवती को तीन शौहदों ने जबरन खेत में घसीटा
युवती की चीख-पुकार सुनकर लोगों को आता देख भाग निकले तीनों युवक ,मामला दर्ज एक हिरासत में

औरंगाबाद (बुलंदशहर )थाना क्षेत्र के एक गांव में एक युवती को तीन युवकों ने जबरन दबोच कर खेत में घसीट कर अश्लीलता शुरू कर दी। युवती ने शोर मचा दिया। युवती की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके की ओर दौड़ पड़े। लोगों को आता देख तीनों मनचले युवती को जान से मार डालने की धमकी देते हुए भाग निकले। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने नामजद तीन आरोपियों के खिलाफ संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया जबकि उसके दोनों साथी फरार होने में कामयाब रहे।
औरंगाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ईलना में शनिवार की सायं लगभग आठ बजे अट्ठारह वर्षीय एक युवती गांव में योगेश की डेयरी पर दूध डालकर अपने घर वापस लौट रही थी। उसी समय गांव के ही तीन मनचले युवकों ने लड़की को जबरन रोक लिया और उसे घसीटते हुए खेतों में ले जाने लगे। तीनों ने उसके साथ छेड़छाड़ करते हुए जबरन अश्लीलता शुरू कर दी। युवती ने अपने को छुड़ाने का प्रयास करते हुए शोर मचा दिया। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके की ओर दौड़ पड़े। लोगों को आता देख तीनों मनचले युवती को जान से हाथ धो बैठने की धमकी देते हुए भाग निकले। पीड़िता ने घर पहुंचकर परिजनों को आपबीती सुनाई। पीड़िता के पिता ने तीनों युवकों को नामजद करते हुए लिखित तहरीर देकर पुलिस से न्याय दिलाने की गुहार लगाई। मामला दर्ज कर पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। उसके दोनों साथी फरार होने में कामयाब रहे। थाना प्रभारी मौहम्मद असलम खान ने बताया कि ललित ,भोले, तथा विक्की सभी निवासी ग्राम ईलना के खिलाफ बी एन एस की धारा 74,75(1) (i)तथा 351 (2) के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर ललित पुत्र गजेन्द्र सिंह को बंदी बना लिया गया है।फरार दोनों अभियुक्तों की सरगर्मी से तलाश जारी है।
रिपोर्टर राजेंद्र अग्रवाल






