ग्रेटर नोएडा

शारदा यूनिवर्सिटी में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ कार्यक्रम का आयोजन

ग्रेटर नोएडा: शारदा यूनिवर्सिटी ने युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा MY Bharat के सहयोग से “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत”कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और उन्हें नशा मुक्त एवं विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम की शुरुआत *गौतम बुद्ध नगर के मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) श्री भाल चंद्र त्रिपाठी* द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने नशा मुक्त भारत की शपथ ली और नशे से दूर रहने, अपने आसपास के लोगों को इसके प्रति जागरूक करने तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर शारदा यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों ने एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया, जिसमें नशे की लत के कारण व्यक्ति, परिवार और समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को प्रभावी ढंग से दर्शाया गया। प्रस्तुति के माध्यम से युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, सही निर्णय लेने और नशे से दूर रहने का प्रेरक संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान ‘यूथ डायलॉग फॉर चेंज’ विषय पर वाद-विवाद एवं भाषण प्रतियोगिता, ‘वर्ड्स फॉर चेंज’ स्लोगन लेखन, ‘कलर्स ऑफ चेंज’ पेंटिंग प्रतियोगिता, थीम आधारित नृत्य, नुक्कड़ नाटक, वॉइसेज़ फॉर चेंज’ स्लैम पोएट्री, संगीत तथा रील मेकिंग एवं शॉर्ट फिल्म प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने रचनात्मक तरीके से नशा मुक्त भारत के प्रति अपनी सोच और प्रतिबद्धता को प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर प्रो. (डॉ.) प्रमोद कुमार, डीन, स्टूडेंट्स वेलफेयर ने कहा “युवा किसी भी देश की सबसे बड़ी ताकत होते हैं। अगर वे सही दिशा में आगे बढ़ें और स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं तो समाज में बड़ा सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। विश्वविद्यालय का प्रयास केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को सामाजिक रूप से जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है। ऐसे कार्यक्रम युवाओं को जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका समझने का अवसर देते हैं।”

कार्यक्रम में MY Bharat के डिप्टी डायरेक्टर श्री शिवेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी की सराहना करते हुए कहा “नशा मुक्त भारत केवल सरकार का अभियान नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है। जब युवा स्वयं इस मुहिम से जुड़ते हैं और दूसरों को भी जागरूक करते हैं, तभी इसका वास्तविक प्रभाव दिखाई देता है। आज के विद्यार्थी ही विकसित भारत के भविष्य का निर्माण करेंगे। हमें विश्वास है कि वे इस संदेश को अपने परिवार, मित्रों और समाज तक पहुंचाकर सकारात्मक बदलाव के वाहक बनेंगे।”

कार्यक्रम का संचालन डॉ. शांति नारायणन द्वारा किया गया। इस अवसर पर लेफ्टिनेंट (डॉ.) यशोधरा राज, ऋषांक अग्रवाल, आशीष, रचना बंसल सहित सभी विभागों के डीन, फैकल्टी मेंबर्स, स्टाफ, स्टूडेंट्स आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!