ग्रेटर नोएडा

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में जीबीयू स्टॉल पर उमड़ रहे हर रोज़ 300 से 500 आगंतुक

कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह ने किया स्टॉल का दौरा, विद्यार्थियों, अभिभावकों और सरकारी अधिकारियों ने भी दिखाई विशेष रुचि

ग्रेटर नोएडा:उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 में गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय (जीबीयू ) का स्टॉल लगातार आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। ट्रेड शो के दौरान प्रतिदिन औसतन 300 से 500 से अधिक आगंतुक विश्वविद्यालय के स्टॉल पर पहुंच रहे हैं। इनमें बड़ी संख्या में विद्यार्थी, उनके अभिभावक, उद्यमी, उद्योग प्रतिनिधि, आम नागरिक तथा विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारी शामिल हैं।
सोमवार को गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह ने भी विश्वविद्यालय के स्टॉल का दौरा किया और वहां प्रदर्शित विभिन्न अकादमिक, तकनीकी, शोध एवं नवाचार संबंधी पहलों का अवलोकन किया। उन्होंने स्टॉल पर आ रहे आगंतुकों से बातचीत भी की ।
इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित पांच दिवसीय ट्रेड शो में जीबीयू द्वारा अपनी शैक्षणिक उपलब्धियों, शोध, नवाचार, तकनीकी पहलों, उद्यमिता तथा विद्यार्थियों की गतिविधियों को प्रदर्शित किया जा रहा है। स्टॉल पर प्रदर्शित ड्रोन तकनीक और कृषि ड्रोन का प्रोटोटाइप लगातार आगंतुकों की विशेष रुचि का विषय बना हुआ है।
विद्यार्थी और उनके अभिभावक विश्वविद्यालय के विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रमों, पाठ्यक्रमों, करियर के अवसरों, शोध एवं नवाचार की गतिविधियों के बारे में जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। वहीं सरकारी अधिकारियों और अन्य आगंतुकों ने भी विश्वविद्यालय की तकनीकी एवं नवाचार आधारित पहलों के बारे में जानकारी ली।
स्टॉल पर अटल इनक्यूबेशन सेंटर–गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय की गतिविधियों को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। आगंतुकों को स्टार्टअप, नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र में उपलब्ध सुविधाओं तथा इनक्यूबेशन सहयोग के बारे में जानकारी दी जा रही है। अटल इनक्यूबेशन सेंटर–गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय को उत्तर प्रदेश सरकार की स्टार्ट इन यू पी पहल के तहत इनक्यूबेटर के रूप में मान्यता प्राप्त है।
विश्वविद्यालय की ओर से स्टॉल पर प्रदर्शित विभिन्न उत्पादों और पहलों को भी आगंतुकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। बड़ी संख्या में लोग स्टॉल पर रुककर विश्वविद्यालय की गतिविधियों को देख रहे हैं और संबंधित अधिकारियों एवं शिक्षकों से जानकारी प्राप्त कर रहे हैं।
उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 में विश्वविद्यालय के स्टॉल को मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रिया को गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के लिए गौरव का अवसर माना जा रहा है। आगंतुकों द्वारा विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, तकनीकी और नवाचार संबंधी पहलों की सराहना की जा रही है। विद्यार्थियों, अभिभावकों, सरकारी अधिकारियों और अन्य आगंतुकों की निरंतर सहभागिता ने विश्वविद्यालय के स्टॉल को विशेष पहचान दिलाई है।
विश्वविद्यालय की यह सहभागिता शिक्षा, शोध, नवाचार, उद्यमिता और तकनीक के क्षेत्र में जीबीयू द्वारा किए जा रहे कार्यों को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत करने के साथ-साथ उद्योग, सरकार, विद्यार्थियों और समाज के विभिन्न वर्गों के साथ संवाद का अवसर भी प्रदान कर रही है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!