दनकौर

प्रजापति प्रबुद्ध महासम्मेलन में सामाजिक एकता और शिक्षा पर जोर

मुख्य अतिथि मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने किया दीप प्रज्ज्वलन, विधायक धीरेंद्र सिंह सहित समाज के लोगों ने लिया भाग

बिलासपुर:बिलासपुर स्थित भीमन फार्म हाउस परिसर में रविवार को अखिल भारतीय प्रजापति कुम्भकार महासभा फोरम के तत्वावधान में विशाल प्रजापति प्रबुद्ध महासम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा मंत्री धर्मवीर प्रजापति, क्षेत्रीय विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। सम्मेलन में समाज की एकजुटता, शिक्षा, सामाजिक उत्थान और युवाओं को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।

मुख्य अतिथि मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने कहा कि समाज की तरक्की के लिए शिक्षा सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। प्रत्येक परिवार को अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने के साथ उन्हें संस्कारवान बनाने पर भी ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज के लोगों को आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर आगे बढ़ना चाहिए। संगठित समाज ही अपने अधिकारों और विकास के लिए प्रभावी ढंग से आवाज उठा सकता है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा के साथ रोजगार और स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने तथा समाज के जरूरतमंद लोगों की मदद करने का आह्वान किया।

क्षेत्रीय विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह ने कहा कि प्रजापति समाज ने हमेशा मेहनत, कला और परंपराओं के माध्यम से समाज में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। समाज के लोगों को अपने बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देना चाहिए और प्रतिभावान युवाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सामाजिक कार्यक्रम समाज में आपसी भाईचारा और एकता मजबूत करने का माध्यम हैं।

कार्यक्रम अध्यक्ष रामपाल प्रजापति ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि समाज की प्रगति के लिए सभी लोगों को मिलकर कार्य करना होगा। कार्यक्रम मंच अध्यक्ष किशनलाल प्रजापति ने समाज की उपलब्धियों और भविष्य की आवश्यकताओं पर विचार रखे। कार्यक्रम संयोजक राजेंद्र प्रजापति ने सम्मेलन के आयोजन के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए अतिथियों एवं समाज के लोगों का आभार व्यक्त किया।

सम्मेलन में पन्नालाल प्रजापति, रामभूल, मुनीम, प्रेमचंद, किशन प्रजापति, सतीश प्रजापति, हरिओम प्रजापति, संतोष प्रजापति, सुभाष प्रजापति, सरवन प्रजापति, पवन, बिजेंद्र, डॉ. सुभाष, रामप्रसाद, आनंद प्रजापति, तमिलनाडु से आए कानाराम, यशपाल प्रजापति, महेंद्र प्रजापति, राजीव लोचन, सिद्धगिरी महाराज, सुभाष आर्य सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।

आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार के सम्मेलनों के माध्यम से समाज की प्रतिभाओं को मंच देने, युवाओं को शिक्षा और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने तथा आपसी भाईचारे को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।

रिपोर्टर घनश्याम पाल

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!