शिक्षण संस्थान

गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में भगवान परशुराम जयंती एवं अक्षय तृतीया पर भव्य आयोजन संपन्न

ग्रेटर नोएडा:गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय (GBU) में अक्षय तृतीया एवं भगवान श्री परशुराम जन्मोत्सव के शुभ अवसर पर विद्यार्थी टोली द्वारा एक भव्य एवं श्रद्धापूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम बिरसा मुंडा हॉस्टल के गेट के सामने आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम की शुरुआत भगवान परशुराम जी के पूजन एवं आरती से हुई। उपस्थित विद्यार्थियों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ भगवान परशुराम का स्मरण किया और उनके शौर्य, ज्ञान तथा धर्मरक्षा के आदर्शों को नमन किया। इसके पश्चात अक्षय तृतीया के आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक महत्व पर विचार-विमर्श आयोजित किया गया।

इस अवसर पर उपस्थित डॉ ओबिदुल गफ्फार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति के ऐसे पर्व हमें अपने मूल्यों, परंपराओं और राष्ट्र चेतना से जोड़ते हैं। उन्होंने युवाओं से समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में छात्र प्रतिनिधियों मिशांत पांडेय, राज्यवर्धन सिंह, विकास झा, हर्षित तथा वेदांत की विशेष सहभागिता रही। सभी विद्यार्थियों ने कार्यक्रम के सफल संचालन में सक्रिय योगदान दिया।

वक्ताओं ने भगवान परशुराम को शस्त्र और शास्त्र दोनों के अद्वितीय समन्वय का प्रतीक बताते हुए कहा कि उनका जीवन न्याय, साहस और मर्यादा की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने राष्ट्र निर्माण एवं सांस्कृतिक जागरण हेतु संकल्प लिया।

विद्यार्थी टोली के स्वयंसेवकों ने बताया कि भविष्य में भी ऐसे प्रेरणादायक कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे, जिससे विश्वविद्यालय परिसर में सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक एकता को बढ़ावा मिले।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!