लखावटी महाविद्यालय के छात्रों ने इंडिया एक्सपो मार्ट ग्रेटर नोएडा का किया शैक्षिक भ्रमण

औरंगाबाद (बुलंदशहर)अमर सिंह महाविद्यालय लखावटी के छात्रों ने शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत इंडिया एक्सपो मार्ट ग्रेटर नोएडा पहुंच कर उद्यमिता गतिविधियों को देखा परखा। इस दौरान विद्यार्थियों ने उद्योग, व्यापार, स्वरोजगार एवं उद्यमिता के विभिन्न अवसरों की जानकारी भी हासिल की।
जिलाधिकारी बुलंदशहर के आदेशानुसार अमर सिंह महाविद्यालय लखावटी के प्राचार्य डॉ ओमवीर सिंह ठैनुआं के निर्देशन में आयोजित शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलवार को यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के अंतर्गत इंडिया एक्सपो मार्ट ग्रेटर नोएडा का भ्रमण कराया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उत्तर प्रदेश की औद्योगिक, व्यापारिक, हस्तशिल्प, कुटीर एवं लघु उद्योग, स्थानीय उत्पादों तथा उद्ममिता गतिविधियों से प्रत्यक्ष रूप से परिचित कराया जाना था। भ्रमण पर गये छात्रों ने विभिन्न स्टालों एवं प्रदर्शित उत्पादों का अवलोकन करते हुए उद्योग व्यापार स्वरोजगार एवं उद्यमिता के विभिन्न अवसरों की समुचित जानकारी हासिल की। छात्रों की विभिन्न जिज्ञासाओं का विषय विशेषज्ञों ने समुचित रूप से शंका समाधान भी किया और उनके प्रश्नों के सटीक उत्तर दिये।
भ्रमण दल में महाविद्यालय के उद्यानिकी, कृषि अभियांत्रिकी कृषि प्रसार एवं कृषि अर्थशास्त्र विभाग के शिक्षक शामिल रहे। विद्यार्थियों के साथ डा अंजना खोलिया, डॉ प्रशांत सिंह, डॉ संजय गुप्ता डॉ अर्धदीप दास आदि मौजूद रहे। प्राचार्य प्रोफेसर ओमवीर सिंह ठैनुआं ने बताया कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करते हैं और उनमें उद्यमिता नवाचार एवं स्वरोजगार के प्रति जागरूकता पैदा करने में सहायक होते हैं।
महाविद्यालय प्रशासन द्वारा जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुरूप विद्यार्थियों की सुरक्षा अनुशासन एवं सुचारू सहभागिता सुनिश्चित की गई। और इस भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने यूपी आई टी एस 2026 में प्रदर्शित विभिन्न औद्योगिक एवं स्थानीय उत्पादों तथा उद्ममिता गतिविधियों का उत्साह पूर्वक अवलोकन किया।
रिपोर्टर राजेंद्र अग्रवाल






