गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय ने राष्ट्रीय संग्रहालय, नई दिल्ली का किया शैक्षिक भ्रमण

ग्रेटर नोएडा:गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय, ग्रेटर नोएडा के मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान संकाय के अंतर्गत इतिहास एवं सभ्यता विभाग द्वारा 11 अप्रैल 2025 को राष्ट्रीय संग्रहालय, नई दिल्ली का शैक्षिक भ्रमण आयोजित किया गया। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय इतिहास और सांस्कृतिक धरोहर के प्रति प्रत्यक्ष अनुभव प्रदान करना था।
यह शैक्षिक यात्रा प्रो. बंदना पांडे और डॉ. विवेक मिश्रा के निर्देशन में संपन्न हुई। भ्रमण में विभाग के कई प्राध्यापकगण – डॉ. ऋतिका जोशी, डॉ. संगीता, डॉ. विवेक पचौरी, डॉ. उपेन्द्र, डॉ. आलोक, डॉ. सुधीर एवं डॉ. मुकेश कुमार वर्मा – ने छात्रों का मार्गदर्शन किया।
विद्यार्थियों ने संग्रहालय की विभिन्न दीर्घाओं का अवलोकन किया, जिनमें सिंधु घाटी सभ्यता, बौद्ध कला, गुप्तकालीन मूर्तियाँ, प्राचीन सिक्के, पांडुलिपियाँ, जनजातीय संस्कृति और अन्य ऐतिहासिक धरोहरें शामिल थीं।
शिक्षकों ने बताया कि इस प्रकार की शैक्षिक यात्राएँ कक्षा में पढ़ाए गए विषयों को प्रत्यक्ष अनुभव से जोड़ने में सहायक होती हैं और इससे छात्रों में आलोचनात्मक सोच तथा ऐतिहासिक चेतना का विकास होता है। विभाग भविष्य में भी इस तरह के शैक्षिक अभियानों को जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
राष्ट्रीय संग्रहालय का यह भ्रमण छात्रों के लिए न केवल ज्ञानवर्धक रहा, बल्कि उन्हें भारत की गौरवशाली सभ्यताओं से प्रत्यक्ष जुड़ाव का अवसर भी प्रदान किया।