दिल्ली एनसीआर

यूपीआईटीएस 2026 ने दिल्ली रोडशो के साथ देशव्यापी प्रचार अभियान का किया शुभारंभ

उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो का चौथा संस्करण 25–29 सितम्बर 2026 को, इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में होगा आयोजित

नई दिल्ली : उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS 2026) के चौथे संस्करण के प्रचार अभियान का शुभारंभ आज नई दिल्ली में आयोजित भव्य रोडशो के साथ हुआ। यह देशव्यापी प्रचार श्रृंखला का पहला चरण है, जिसका उद्देश्य देशभर के उद्योग जगत, निर्यातकों, खरीदारों, व्यापारिक संगठनों एवं निवेशकों को इस महत्त्वपूर्ण आयोजन से जोड़ना है।

UPITS आज भारत के सबसे महत्वपूर्ण राज्य-स्तरीय व्यापार आयोजनों में से एक के रूप में स्थापित हो चुका है और अब इसे उत्तर प्रदेश सरकार एवं इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट लिमिटेड (IEML) द्वारा संयुक्त रूप से वार्षिक फ्लैगशिप आयोजन के रूप में आयोजित किया जा रहा है। पिछले तीन संस्करणों की उल्लेखनीय सफलता के आधार पर UPITS का चौथा संस्करण 25 से 29 सितम्बर 2026 तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा, उत्तर प्रदेश में आयोजित किया जाएगा।

दिल्ली रोडशो में श्री भूपेन्द्र चौधरी, माननीय एमएसएमई मंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में श्री हंसराज विश्वकर्मा, माननीय एमएसएमई राज्य मंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार; श्री शशि भूषण लाल सुशील (आईएएस), प्रमुख सचिव, एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार; श्री अजय कुमार, संयुक्त सचिव (राज्य), विदेश मंत्रालय; डॉ. राकेश कुमार अध्यक्ष, इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट लिमिटेड; श्री सुदीप सरकार, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट लिमिटेड तथा फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गेनाइजेशन्स (FIEO) के अतिरिक्त महानिदेशक श्री सुविध शाह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर संबोधित करते हुए माननीय श्री भूपेन्द्र चौधरी ने कहा, “UPITS उत्तर प्रदेश की औद्योगिक शक्ति, उद्यमशीलता, निर्यात क्षमता और सांस्कृतिक समृद्धि को प्रदर्शित करने वाला एक सशक्त मंच बन चुका है। इस आयोजन ने MSME क्षेत्र को सुदृढ़ बनाने, ODOP उत्पादों को बढ़ावा देने, बाजार तक पहुंच उपलब्ध कराने तथा नए व्यावसायिक अवसर सृजित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उत्तर प्रदेश जैसे-जैसे एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में अग्रसर है, UPITS व्यापार, निवेश और आर्थिक विकास को गति देने वाले प्रमुख उत्प्रेरक के रूप में अपनी भूमिका निभाता रहेगा।”

उत्तर प्रदेश सरकार के एमएसएमई राज्य मंत्री, माननीय श्री हंसराज विश्वकर्मा ने UPITS 2026 में अधिक से अधिक सहभागिता का आह्वान करते हुए कहा, “भारत में सदियों से व्यापार मेलों और बाजारों की एक समृद्ध परंपरा रही है, जिसने पीढ़ियों से कारीगरों, शिल्पकारों, लघु उद्यमों और उद्यमियों को सशक्त बनाया है। इसी गौरवशाली विरासत को आधुनिक और वैश्विक स्वरूप प्रदान करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने एक ऐसे मंच की परिकल्पना की, जिसकी पहुँच अंतरराष्ट्रीय हो, लेकिन जिसकी जड़ें भारत की स्वदेशी शक्ति, कौशल और उद्यमशीलता की भावना में गहराई से निहित हों। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) उत्तर प्रदेश को विश्व से जोड़ने वाला एक सशक्त सेतु है।”

उत्तर प्रदेश सरकार के एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग के प्रमुख सचिव श्री शशि भूषण लाल सुशील, आईएएस ने कहा, “UPITS उत्तर प्रदेश सरकार के उस विज़न को प्रतिबिंबित करता है जिसके तहत राज्य को व्यापार, विनिर्माण, निर्यात और निवेश के लिए एक पसंदीदा गंतव्य के रूप में स्थापित किया जा रहा है। इस रोडशो श्रृंखला के माध्यम से हमारा उद्देश्य देशभर के उद्योग जगत से जुड़ाव को और मजबूत करना तथा उद्योगों, संस्थानों और खरीदारों की भागीदारी को बढ़ाना है। UPITS अवसरों और बाजारों को उद्यमों से जोड़ने वाला एक प्रभावी सेतु बन चुका है।”

इस अवसर पर इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट लिमिटेड के अध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार ने कहा, “पिछले तीन संस्करणों में UPITS को मिली अभूतपूर्व प्रतिक्रिया इस मंच पर उद्योग और व्यापार समुदाय के विश्वास को दर्शाती है। UPITS ने निर्माताओं, निर्यातकों, स्टार्टअप्स, कारीगरों, निवेशकों और नीति निर्माताओं को एक ही मंच पर सफलतापूर्वक एकत्रित किया है। हमें विश्वास है कि चौथा संस्करण सहभागिता, व्यापारिक अवसरों और अंतरराष्ट्रीय पहुंच के नए मानक स्थापित करेगा।”

कार्यक्रम के अंतरराष्ट्रीय आयाम पर प्रकाश डालते हुए FIEO के अतिरिक्त महानिदेशक श्री सुविध शाह ने कहा, “UPITS में विदेशी खरीदारों की लगातार बढ़ती भागीदारी यह दर्शाती है कि उत्तर प्रदेश से उभर रहे उत्पादों और अवसरों के प्रति वैश्विक रुचि निरंतर बढ़ रही है। FIEO गुणवत्तापूर्ण अंतरराष्ट्रीय खरीदारों को जोड़ने और सार्थक व्यापारिक संवाद को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे भारतीय निर्यातकों को नए बाजारों तक पहुंचने और भारत की वैश्विक व्यापारिक उपस्थिति को सशक्त बनाने में सहायता मिल सके।”

सितम्बर 2025 में आयोजित UPITS के पिछले संस्करण का उद्घाटन स्वयं माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने किया था। अपने संबोधन में उन्होंने MSMEs को प्रोत्साहित करने, स्थानीय उद्यमों को सशक्त बनाने तथा ‘मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड’ की परिकल्पना को आगे बढ़ाने में इस आयोजन की भूमिका की सराहना की थी। प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश की बढ़ती आर्थिक क्षमता पर विश्वास व्यक्त करते हुए UPITS को स्थानीय उद्यमों को वैश्विक अवसरों से जोड़ने वाला प्रभावी मंच बताया था।

UPITS की सफलता इसकी लगातार बढ़ती सहभागिता और व्यापारिक उपलब्धियों में स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। वर्ष 2025 के संस्करण में 5,07,099 से अधिक आगंतुकों ने भाग लिया, जिनमें 1,40,735 B2B विज़िटर्स शामिल थे। इस आयोजन में 2,228 प्रदर्शकों ने 35,000 वर्ग मीटर से अधिक प्रदर्शनी क्षेत्र में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम के दौरान हजारों व्यावसायिक बैठकें आयोजित हुईं तथा प्रतिभागी उद्यमों के लिए महत्वपूर्ण व्यापारिक अवसर सृजित हुए।

UPITS अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक सहभागिता के एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में भी उभरा है। पिछले संस्करण में FIEO के सहयोग से 85 देशों से 550 से अधिक विदेशी खरीदारों ने भाग लिया, जिसने उत्तर प्रदेश को वैश्विक सोर्सिंग गंतव्य के रूप में और अधिक सुदृढ़ बनाया।

दिल्ली रोडशो आगामी महीनों में देश के विभिन्न राज्यों में आयोजित होने वाली प्रचार गतिविधियों की श्रृंखला की शुरुआत है। इन रोडशोज़ का उद्देश्य घरेलू खरीदारों की भागीदारी को बढ़ाना, अंतरराज्यीय व्यापार एवं वाणिज्य को प्रोत्साहित करना, भारतीय उद्यमों से सोर्सिंग को बढ़ावा देना तथा देश के भीतर मजबूत व्यापारिक संबंध स्थापित कर आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को साकार करने में योगदान देना है।

इसके साथ ही UPITS अंतरराष्ट्रीय भागीदारी को बढ़ाने और उत्तर प्रदेश को एक अग्रणी वैश्विक सोर्सिंग हब के रूप में स्थापित करने पर भी विशेष ध्यान केंद्रित कर रहा है। व्यापक खरीदार संपर्क कार्यक्रमों और निर्यात प्रोत्साहन संस्थाओं के साथ रणनीतिक साझेदारी के माध्यम से वर्ष 2026 में और अधिक अंतरराष्ट्रीय व्यावसायिक भागीदारी आकर्षित करने का लक्ष्य रखा गया है।

उत्तर प्रदेश की व्यापारिक परंपराओं और आर्थिक परिवर्तन का प्रतिनिधित्व करते हुए UPITS राज्य की विनिर्माण क्षमता, MSME सामर्थ्य, ODOP उत्पादों, नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र, निर्यात, संस्कृति, व्यंजन, पर्यटन, हस्तशिल्प तथा उभरते औद्योगिक क्षेत्रों को एक ही मंच पर प्रस्तुत करता है। इस आयोजन ने ODOP उत्पादों के लिए बाजार विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और आगामी संस्करण में वन डिस्ट्रिक्ट वन क्यूज़ीन (ODOC) जैसी पहलों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

उत्तर प्रदेश जहां एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के राष्ट्रीय संकल्प में योगदान दे रहा है, वहीं UPITS 2026 व्यापार, निवेश, निर्यात, नवाचार और वैश्विक साझेदारियों को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए तैयार है।

 

 

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!