दनकौर

बीडीआरडी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में रक्षाबंधन पर्व पर हुआ मेहंदी,राखी एवं थाल सज्जा प्रतियोगिताओं का आयोजन

दनकौर:बिशम्बर दयाल राममूर्ति देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, दनकौर में रक्षाबंधन पर्व के उपलक्ष्य में छात्र-छात्राओं की रचनात्मक प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से मेहंदी प्रतियोगिता, राखी प्रतियोगिता एवं थाल सज्जा प्रतियोगिता का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी कला एवं सृजनात्मक प्रतिभा का सुंदर प्रदर्शन किया।

मेहंदी प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने हाथों पर सुंदर एवं आकर्षक डिजाइनों को उकेरकर अपनी कला का परिचय दिया, वहीं राखी प्रतियोगिता में विभिन्न रंगों, धागों, मोतियों एवं सजावटी सामग्री से मनमोहक राखियां तैयार की गईं। विद्यालय परिसर में प्रतियोगिता के दौरान उत्साह और उमंग का वातावरण देखने को मिला।

कार्यक्रम की संयोजिका भावना शर्मा रहीं,उन्होंने विद्यार्थियों को रक्षाबंधन पर्व के सांस्कृतिक एवं भावनात्मक महत्व से परिचित कराया तथा प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य जयप्रकाश सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम और विश्वास का पर्व ही नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति में निहित प्रेम, कर्तव्य, सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की रचनात्मक प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, सृजनशीलता और भारतीय संस्कारों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करती हैं।

अंत में सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी गई इस मौके पर कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त आचार्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!