पीताम्बरा ऑटोमोबाइल के सौजन्य से धूमधाम से मनाया गया बड़ौत में श्रीकृष्ण छटी महोत्सव

बागपत(उत्तर प्रदेश) बड़ौत नगर के बिनौली रोड़ पर शिव चौक स्थित भगवान शिवजी के मंदिर में पीताम्बरा ऑटोमोबाइल बड़ौत के सौजन्य एवं श्री शिव सेवा ट्रस्ट बड़ौत के तत्वावधान में श्रीकृष्ण छटी महोत्सव को बड़े ही भव्य एवं हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। महोत्सव में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और भगवान श्रीकृष्ण के भजनों पर भक्तिमय वातावरण में झूमते नजर आए। कार्यक्रम का शुभारम्भ पीताम्बरा ऑटोमोबाइल बड़ौत के डायरेक्टर राधेश्याम गुप्ता, श्री शिव सेवा ट्रस्ट बड़ौत के अध्यक्ष मनीष गुप्ता तथा बड़ौत नगर पालिका परिषद के पूर्व चेयरमैन एवं सुप्रसिद्ध समाजसेवी दुष्यंत तोमर उर्फ अमित राणा ने भगवान श्रीकृष्ण की विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना कर किया। मंदिर के मुख्य पुजारी आकाश भारद्वाज ने विधिवत पूजा संपन्न कराई। इस अवसर पर श्री शिव सेवा ट्रस्ट की ओर से पूर्व चेयरमैन अमित राणा तथा महामहिम राष्ट्रपति एवं उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सम्मानित वरिष्ठ पत्रकार विपुल जैन को पटका पहनाकर एवं भगवान श्रीकृष्ण का चित्र भेंट कर सम्मानित किया गया। महोत्सव के दौरान आयोजित संकीर्तन में सुप्रसिद्ध भजन गायक संजीव दिलवाला ने भगवान श्रीकृष्ण के एक से बढ़कर एक मनमोहक भजन प्रस्तुत किए। भजनों की मधुर धुनों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया और उपस्थित श्रद्धालु मंत्रमुग्ध होकर भक्ति में सराबोर नजर आए। श्रीकृष्ण छटी महोत्सव के अवसर पर विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया। इसमें श्रद्धालुओं एवं उपस्थित लोगों को कढ़ी-चावल एवं अन्नकूट का प्रसाद वितरित किया गया। बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। महोत्सव को सफल बनाने में मंदिर समिति के अध्यक्ष मनीष गुप्ता, मंदिर के संयोजक राधेश्याम गुप्ता, महामंत्री अभिनव गुप्ता एवं कोषाध्यक्ष पंकज गुप्ता का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर विनोद गोयल, नरेश गुप्ता, नैतिक, वंश, शिव, नन्दी, पंडित उमेश कौशिक, सुप्रसिद्ध समाजसेवी चौधरी सोहनवीर सरूरपुर, संजय गर्ग, भूपेन्द्र सहित सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
रिपोर्टर विवेक जैन






