उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत पिंक रोजगार मेला / कैंपस प्लेसमेंट के भव्य आयोजन में आर्या फैशन्स की शानदार भागीदारी, गौतमबुद्धनगर की बेटियों को मिले नियुक्ति पत्र

गौतमबुद्धनगर:उत्तर प्रदेश सरकार के रोजगार मिशन के अंतर्गत आज जिला सेवायोजन कार्यालय, गौतमबुद्धनगर द्वारा राजकीय महिला पॉलिटेक्निक, बादलपुर, गौतमबुद्धनगर परिसर में पिंक रोजगार मेला / कैंपस प्लेसमेंट का सफल आयोजन किया गया। यह मेला विशेष रूप से केवल महिलाओं को केंद्रित कर उनके कौशल विकास और रोजगार सशक्तिकरण को समर्पित था।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय विधायक, विधानसभा दादरी, श्री तेजपाल नागर जी रहे। मंच पर जिलाधिकारी महोदया श्रीमती मेधा रूपम (IAS), जिला सेवायोजन अधिकारी श्रीमती मनीषा अत्री, राजकीय महिला पॉलिटेक्निक की प्रधानाचार्या एवं आर्या फैशन्स की संस्थापिका डॉ. खुशबू सिंह आसीन रहीं।
हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी आर्या फैशन्स ने उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के लिए अपना सामाजिक दायित्व निभाते हुए इस पिंक रोजगार मेले में बढ़-चढ़कर प्रतिभागिता दिखाई।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा कि आर्या फैशन्स द्वारा चयनित कई कन्याओं को मंच से ही माननीय विधायक श्री तेजपाल नागर जी के कर-कमलों द्वारा नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। स्वयं आर्या फैशन्स की संस्थापिका डॉ. खुशबू सिंह ने भी कई छात्राओं को नियुक्ति पत्र वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर आर्या फैशन्स की संस्थापिका डॉ. खुशबू सिंह ने कहा कि “आर्या फैशन्स का उद्देश्य केवल उद्यम करना नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करना है। हमारा लक्ष्य है कि गौतमबुद्धनगर की बेटियां हुनरमंद बनें और उन्हें सम्मानजनक रोजगार मिले। कौशल विकास और ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को रोजगार देने के लिए आर्य फैशन्स हमेशा प्रतिबद्ध थी, प्रतिबद्ध है और प्रतिबद्ध रहेगी। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन का यह मंच हमें बेटियों को मंच देने का अवसर देता है, इसके लिए हम जिला प्रशासन के आभारी हैं।”
आर्या फैशन्स का उद्देश्य: ग्रामीण और शहरी क्षेत्र की महिलाओं को हस्तशिल्प कला, डिजाइनिंग, फैशन टेक्नोलॉजी और उद्यमिता में प्रशिक्षित कर उन्हें स्वावलंबी बनाना तथा उत्तर प्रदेश को महिला सशक्तिकरण का अग्रणी राज्य बनाना।
कार्यक्रम में सैकड़ों महिला अभ्यर्थियों ने भाग लिया और विभिन्न कंपनियों ने मौके पर ही साक्षात्कार आयोजित किए। जिला सेवायोजन कार्यालय ने इस सफल आयोजन के लिए सभी प्रतिभागी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया।






