द्रोणाचार्य पी.जी. कॉलेज, दनकौर में विश्व साक्षरता दिवस के अवसर पर जागरूकता रैली का आयोजन

दनकौर: द्रोणाचार्य पी.जी. कॉलेज, दनकौर में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई के तत्वावधान में विश्व साक्षरता दिवस अत्यंत गरिमापूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं जनसामान्य को साक्षरता के महत्व के प्रति जागरूक करना तथा शिक्षा के माध्यम से सामाजिक परिवर्तन के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम के प्रथम चरण में प्रातःकालीन प्रार्थना सभा के दौरान विद्यार्थियों को विश्व साक्षरता दिवस की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, उद्देश्य एवं वर्तमान संदर्भ में इसकी उपयोगिता के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर NSS कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रशांत कनौजिया द्वारा राष्ट्रकवि हरिवंश राय बच्चन की प्रेरणादायक कविता का भावपूर्ण वाचन किया गया। उन्होंने कहा कि साहित्य एवं शिक्षा व्यक्ति के विचारों को परिष्कृत करने के साथ-साथ उसमें सामाजिक चेतना और उत्तरदायित्व की भावना विकसित करते हैं।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गिरीश कुमार वत्स ने अपने संबोधन में कहा कि साक्षरता सामाजिक एवं आर्थिक प्रगति की आधारशिला है। किसी भी राष्ट्र का वास्तविक विकास तभी संभव है, जब समाज का प्रत्येक वर्ग शिक्षा के अवसरों से जुड़ सके। उपप्राचार्य डॉ. रश्मि गुप्ता ने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे स्वयं शिक्षा प्राप्त करने के साथ-साथ अपने आसपास के लोगों को भी शिक्षा के प्रति जागरूक करें। सहायक कार्यक्रम अधिकारी श्री अमित नागर ने साक्षरता को जन-जन तक पहुँचाने में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम के द्वितीय चरण में दोपहर 1:00 बजे महाविद्यालय परिसर से साक्षरता जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली में NSS स्वयंसेवकों, विद्यार्थियों एवं महाविद्यालय के शिक्षकगण ने सक्रिय सहभागिता की। विद्यार्थियों ने हाथों में विभिन्न संदेशों एवं स्लोगनों से युक्त तख्तियाँ लेकर “शिक्षा है सबका अधिकार, साक्षर बने हर परिवार”, “पढ़ेगा भारत, बढ़ेगा भारत”, “ज्ञान की ज्योति जलाएँ, निरक्षरता दूर भगाएँ”, “साक्षर समाज, सशक्त समाज” तथा “शिक्षा का दीप जलाएँ, अज्ञानता दूर भगाएँ” जैसे नारों के माध्यम से जनसामान्य को जागरूक किया।
रैली का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गिरीश कुमार वत्स एवं महाविद्यालय के सचिव रजनीकांत अग्रवाल जी द्वारा किया गया। इस अवसर पर सचिव श्री रजनीकांत अग्रवाल जी ने कहा कि “साक्षरता केवल पढ़ने-लिखने की क्षमता नहीं, बल्कि व्यक्ति को जागरूक, आत्मनिर्भर एवं जिम्मेदार नागरिक बनाने का सशक्त माध्यम है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक शिक्षा का प्रकाश पहुँचाना हम सभी का सामूहिक दायित्व है।”
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में सामाजिक चेतना, नागरिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्र निर्माण की भावना को प्रोत्साहित किया गया। समस्त कार्यक्रम महाविद्यालय की गरिमामयी परंपरा एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों के अनुरूप सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।






