दनकौर

स्वास्थ्य शिविर में 148 ग्रामीणों की जांच, खून व पौष्टिकता की कमी मिली

मौसमी बीमारियों से पीड़ित मरीजों की जांच कर वितरित की गईं दवाएं, खान-पान व दिनचर्या के प्रति किया जागरूक

बिलासपुर:नवादा गांव स्थित संजय नागर की बैठक पर शुक्रवार को शतायु हर्बल हॉस्पिटल सरकपुर की ओर से स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन अस्पताल के संस्थापक डॉ. शैलेश रौसा के नेतृत्व में किया गया। शिविर में चिकित्सकों की टीम ने ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं दवाएं वितरित कीं।

शिविर में डॉ. अमित, डॉ. मोहित नागर, डॉ. सुनीता, डॉ. डीके विश्वास, डॉ. मुनीर आलम, डॉ. प्रांजल एस और डॉ. रजत मलिक ने ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की। सुबह से ही स्वास्थ्य जांच कराने के लिए ग्रामीणों की भीड़ पहुंचने लगी। चिकित्सकों ने मरीजों से उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक जांच की।

शिविर में पहुंचे अधिकांश ग्रामीणों ने खांसी, जुकाम, बुखार, शरीर में दर्द और मौसम बदलने के कारण होने वाली अन्य स्वास्थ्य समस्याओं की शिकायत की। चिकित्सकों द्वारा मरीजों का रक्त, पेशाब, ब्लड प्रेशर, शुगर और वजन समेत विभिन्न स्वास्थ्य परीक्षण किए गए। जांच के बाद चिकित्सकों ने मरीजों को उनकी स्थिति के अनुसार दवाएं उपलब्ध कराईं तथा स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने की सलाह दी।

शिविर के दौरान कुल 148 मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई। जांच में कई मरीजों में खून और पौष्टिकता की कमी सामने आई। चिकित्सकों ने ऐसे मरीजों को खान-पान में पौष्टिक आहार शामिल करने तथा नियमित दिनचर्या अपनाने की सलाह दी। ग्रामीणों को मौसम के अनुसार खान-पान, स्वच्छता, पर्याप्त पानी पीने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के लिए भी प्रेरित किया गया।

शतायु हर्बल हॉस्पिटल सरकपुर के संस्थापक डॉ. शैलेश रौसा ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता और समय पर जांच बेहद जरूरी है। शिविर में 148 मरीजों की जांच की गई, जिसमें कई मरीजों में खून एवं पौष्टिकता की कमी पाई गई। मरीजों को उनकी दिनचर्या, खान-पान और रहन-सहन में आवश्यक सुधार करने के बारे में जागरूक किया गया। मौसम बदलने के दौरान खांसी, जुकाम, बुखार और शरीर में दर्द जैसी समस्याएं बढ़ जाती हैं, इसलिए लोगों को लक्षण दिखाई देने पर समय से चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को उनके गांव में ही प्राथमिक स्वास्थ्य जांच और आवश्यक चिकित्सा परामर्श उपलब्ध कराना है।

इस मौके पर संजय नवादा, धीरज प्रधान, कर्मवीर सरपंच, टीकम सरपंच, निखिल नागर, सोनू नागर, रविन्द्र नागर, धन्नी जाटव, रघुराज नागर, रुघन नागर, संतोष देवी, सोनिका नागर, सरिता, लक्ष्मी, प्रिया और जगवती समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

रिपोर्टर घनश्याम पाल

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!