यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 के चतुर्थ संस्करण का मा0 केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जी ने किया उद्घाटन, मा0 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी भी रहे उपस्थित
एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा प्रदेश, उत्तर प्रदेश निवेश, उत्पादन, व्यापार और नवाचार का प्रमुख केंद्र बन रहा

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो उत्पादों को राष्ट्रीय एवं वैश्विक बाजार से जोड़ने का बन रहा है महत्वपूर्ण मंच
डिफेंस कॉरिडोर, बेहतर कानून-व्यवस्था और मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर से उत्तर प्रदेश बना उद्योग एवं निवेश का प्रमुख केंद्र रू मा0 अमित शाह जी
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो पारंपरिक उद्यमों, कारीगरों, युवाओं और एमएसएमई सेक्टर को दे रहा वैश्विक मंच
ओडीओपी ने प्रदेश के पारंपरिक उत्पादों को ब्रांड और वैश्विक बाजार दिलाया, यूपी आज दो लाख करोड़ रुपये से अधिक का कर रहा निर्यात
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो ट्रेडिशन और टेक्नोलॉजी, हेरिटेज और इनोवेशन तथा हुनर और मार्केट को एक मंच पर ला रहा रू मा0 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी
एक करोड़ से अधिक पंजीकृत एमएसएमई इकाइयों के साथ यूपी देश में अग्रणीरू मा0 भूपेंद्र चैधरी जी
अमित शाह जी एवं योगी आदित्यनाथ जी ने ट्रेड शो में विभिन्न उत्पादों, हस्तशिल्प एवं औद्योगिक प्रदर्शनियों के स्टॉलों का किया अवलोकन, ‘एक जनपद, एक व्यंजन’ पोर्टल का भी हुआ शुभारंभ
पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की 110वीं जयंती पर अमित शाह जी एवं योगी आदित्यनाथ जी ने अर्पित किए श्रद्धा-सुमन
गौतमबुद्धनगर,ग्रेटर नोएडा:उत्तर प्रदेश की औद्योगिक, व्यावसायिक एवं निर्यात क्षमता को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने के उद्देश्य से ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एवं मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित यू0पी0 इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 के चतुर्थ संस्करण का शुक्रवार को विधिवत् शुभारंभ मा0 केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह जी द्वारा किया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मा0 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह जी ने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश आज निवेश, उत्पादन, व्यापार और नवाचार का प्रमुख केंद्र बन रहा है। प्रदेश अब एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रहा है। उत्तर प्रदेश ट्रेड शो के चैथे संस्करण में देश-विदेश से आए खरीदारों, उद्यमियों, निवेशकों और व्यापारिक प्रतिनिधियों की भागीदारी से प्रदेश में निवेश, उत्पादन, बिक्री और निर्यात को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि 25 सितंबर का दिन विशेष महत्व रखता है। यह पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की 110वीं जयंती है। उनके आर्थिक चिंतन, मुक्त व्यापार, आर्थिक स्वावलंबन और संगठन आधारित नीति की विचारधारा ने देश को दिशा दी। इसी दिन भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा चलाए गए महत्वाकांक्षी मिशन मेक इन इंडिया अभियान की वर्षगांठ भी है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में केंद्र और राज्य सरकारों के प्रयासों से भारत उत्पादन, डिजाइन और नवाचार का वैश्विक केंद्र बनने की दिशा में आगे बढ़ा है।
मा0 गृहमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में निवेश के माहौल में बड़ा परिवर्तन आया है। वर्ष 2013 में औद्योगिक निवेश सम्मेलन के लिए दिल्ली का सहारा लेना पड़ता था, जबकि आज उत्तर प्रदेश देश-दुनिया के निवेशकों के लिए प्रमुख गंतव्य बन रहा है। कानून-व्यवस्था, अनुकूल औद्योगिक नीतियां, प्रो-एक्टिव सरकार और उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान को इस बदलाव का आधार है। वर्ष 2025 के ट्रेड शो में पांच लाख से अधिक लोगों की भागीदारी, 2,400 से अधिक एमओयू तथा निवेश और व्यापारिक समझौतों का उल्लेख करते हुए कहा गया कि वर्तमान चैथा संस्करण पिछले रिकॉर्ड को भी पार करने की क्षमता रखता है। यह ट्रेड शो उत्तर प्रदेश के उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच है।
मा0 गृहमंत्री ने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात में 2015 की तुलना में लगभग 11 गुना वृद्धि हुई है तथा भारत ने मॉरीशस, यूएई, ऑस्ट्रिया, ब्रिटेन, ओमान, न्यूजीलैंड और यूरोपीय संघ सहित विभिन्न देशों/क्षेत्रों के साथ मुक्त व्यापार समझौतों के माध्यम से भारतीय उद्यमियों के लिए नए निर्यात बाजारों की संभावनाएं बढ़ाई हैं। रक्षा उत्पादन और डिफेंस कॉरिडोर को उत्तर प्रदेश के औद्योगिक परिवर्तन का प्रमुख उदाहरण बताया गया। झांसी, चित्रकूट, लखनऊ, आगरा, अलीगढ़ और कानपुर सहित छह नोड्स वाले उत्तर प्रदेश डिफेंस कॉरिडोर में रक्षा उत्पादन के लिए निवेश बढ़ रहा है। भारत का रक्षा उत्पादन वित्त वर्ष 2025-26 में रिकॉर्ड 1.78 लाख करोड़ रूपये तक पहुंचा गया है। रक्षा निर्यात में 2013-14 की तुलना में अब 56 गुना से अधिक वृद्धि हुयी हैॅ और भारतीय रक्षा उत्पाद 80 से अधिक देशों को निर्यात किए जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश में ब्रह्मोस तथा अमेठी में ए0के0-203 असॉल्ट राइफल जैसी परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा गया कि प्रदेश अब रक्षा निर्माण के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में उभर रहा है। डिफेंस कॉरिडोर के साथ आधारभूत ढांचे, अनुकूल नीतियों और निवेशकों को सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयासों को भी रेखांकित किया गया।
प्रदेश की कानून-व्यवस्था में बदलाव का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जहां पहले अपराध और अवैध गतिविधियों की चर्चा होती थी, वहीं आज डिफेंस कॉरिडोर, वाहन निर्माण और मेडिकल डिवाइस पार्क जैसी औद्योगिक गतिविधियां विकसित हो रही हैं। औद्योगिक सुरक्षा, बेहतर नीतियों और निवेशकों की समस्याओं के समाधान से उत्तर प्रदेश में उद्योग लगाने के लिए अनुकूल वातावरण बना है। इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में नोएडा एयरपोर्ट, एक्सप्रेसवे और अन्य आधारभूत ढांचा परियोजनाओं को निवेश के लिए बेहतर कनेक्टिविटी और वातावरण बनाने वाला बताया गया। उत्तर प्रदेश के सात शहरों में मेट्रो संचालन का भी उल्लेख किया गया।
रोजगार और स्थानीय उद्योगों के संदर्भ में वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट योजना की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। भदोही की दरी, मुरादाबाद का पीतल, फिरोजाबाद का कांच, सहारनपुर की काष्ठकला, कन्नौज का इत्र और वाराणसी की विश्व प्रसिद्ध साड़ी जैसे उत्पादों ने प्रदेश की पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचाया है। स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजार से जोड़ने के लिए वाराणसी के मलइयों, तिरंगा बर्फी, आगरा के पेठे, मथुरा के पेड़े और मेरठ की गजक जैसे उत्पादों को भी व्यापक बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कभी रोजगार के लिए उत्तर प्रदेश से बाहर जाने वाले युवाओं और छोटे उद्यमियों को अब ओडीओपी तथा स्थानीय उद्योगों के माध्यम से प्रदेश में ही नए अवसर मिल रहे हैं। ट्रेड शो के माध्यम से इन उत्पादों के व्यापार, उत्पादन और वैश्विक पहचान को और विस्तार मिलने की उम्मीद है।
माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने इस अवसर पर माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह जी तथा पार्टनर कंट्री के रूप में शामिल जापान, सिंगापुर, बेलारूस, रूस, वियतनाम और ऑस्ट्रिया के राजदूतों, उच्चायुक्तों एवं ट्रेड कमिश्नर्स तथा दुनिया के 90 देशों से आए 600 से अधिक फॉरेन बायर्स और एग्जिबिटर्स का स्वागत करते हुये कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में पिछले चार वर्षों से यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो उत्तर प्रदेश में निर्मित उत्पादों, पारंपरिक उद्यमों, कारीगरों, युवाओं के इनोवेशन और एम0एस0एम0ई0 सेक्टर को वैश्विक मंच उपलब्ध करा रहा है। इसके चैथे संस्करण में 36 हजार वर्ग मीटर के एक्सपो सेंटर में 2,400 से अधिक एग्जिबिटर्स भाग ले रहे हैं साथ ही लगभग 1.5 लाख बी02बी0 विजिटर्स के शामिल होने की संभावना है। गत वर्ष 2025 में 72 देशों के 500 से अधिक बायर्स ट्रेड शो का हिस्सा बने थे।
मा0 मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्ष 2017 में उत्तर प्रदेश के लोक कल्याण संकल्प-पत्र के निर्माण के दौरान मा0 केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह जी ने उत्तर प्रदेश की ताकत उसके पारंपरिक उद्यमों में बताते हुए कहा था कि अपनी पारंपरिक उद्यम शक्ति को पहचानकर उत्तर प्रदेश मैन्युफैक्चरिंग का नया हब बन सकता है। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट के माध्यम से पारंपरिक उत्पादों को ब्रांड और वैश्विक बाजार उपलब्ध कराया गया। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश दो लाख करोड़ रुपये से अधिक का निर्यात कर रहा है और ओडीओपी के साथ-साथ देश के प्रमुख मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में तेजी से आगे बढ़ रहा है। यूपीआईटीएस में बढ़ता विदेशी फूटफॉल उत्तर प्रदेश के उत्पादों, सप्लाई चेन, उद्यमियों की विश्वसनीयता और प्रदेश के प्रति बढ़ते ग्लोबल ट्रस्ट का प्रतीक है।
मा0 मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यूपीआईटीएस ट्रेडिशन और टेक्नोलॉजी, हेरिटेज और इनोवेशन तथा हुनर और मार्केट की संयुक्त शक्ति को एक मंच पर ला रहा है। जापान, रूस, वियतनाम, सिंगापुर, ऑस्ट्रिया और बेलारूस जैसे पार्टनर देशों के विशेष पवेलियन स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप, टेक्नोलॉजी ट्रांसफर और जॉइंट वेंचर के नए अवसर उपलब्ध करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भारत ने दुनिया के अनेक देशों के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट किए हैं। उत्तर प्रदेश इन समझौतों का लाभ उठाकर अंतरराष्ट्रीय कंपनियों को प्रदेश में आमंत्रित करने और यहां से वैश्विक निर्यात का अवसर उपलब्ध करा रहा है। विदेशी खरीदारों की भागीदारी इस बात का संकेत है कि उत्तर प्रदेश के उत्पादों की गुणवत्ता, मजबूत सप्लाई चेन और उद्यमियों की क्रेडिबिलिटी पर वैश्विक बाजार का भरोसा बढ़ा है।
मा0 मुख्यमंत्री जी ने कहा कि भारत की समृद्ध परंपराओं और कारीगरों के हुनर को लंबे समय तक पर्याप्त संसाधन, बाजार, सहयोग और प्लेटफॉर्म नहीं मिल सका, जिसके कारण पारंपरिक कौशल की अगली पीढ़ी भी इससे दूर होने लगी। उत्तर प्रदेश में क्षमता की कमी कभी नहीं रही, आवश्यकता उस क्षमता को पहचानकर सही इकोसिस्टम और बाजार उपलब्ध कराने की थी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक्सप्रेसवे, हाईवे, एयरपोर्ट, फ्रेट कॉरिडोर और इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास के माध्यम से कनेक्टिविटी को आर्थिक अवसर और विकास का मल्टीप्लायर बनाया गया। निवेश, उत्पादन और वैश्विक बाजार को जोड़कर ऐसी वैल्यू चेन विकसित की गई, जिसने स्थानीय हुनर को व्यवसाय और रोजगार के अवसरों में बदलने का मार्ग प्रशस्त किया।
मा0 मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यूपीआईटीएस इसी परिवर्तन की कहानी को दुनिया के सामने प्रस्तुत कर रहा है, जहां लोकल उत्पाद ग्लोबल मार्केट में अपनी पहचान बना रहे हैं। यह सरकार की कार्य संस्कृति है, जिसने उत्तर प्रदेश की पोटेंशियल को पॉसिबिलिटी और पॉसिबिलिटी को प्रॉस्पेरिटी में बदलने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि ओडीओपी योजना पारंपरिक शिल्पकारों और कारीगरों को सीधे वैश्विक बाजार से जोड़ रही है। वहीं पीएम विश्वकर्मा और विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के माध्यम से कारीगरों को स्किल, टूलकिट, क्रेडिट, ब्रांडिंग और मार्केट से जोड़ने का प्रयास किया गया है।
मा0 मुख्यमंत्री जी ने बताया कि उत्तर प्रदेश में एम0एस0एम0ई0 क्षेत्र के 79 उत्पादों को जी0आई0 टैग प्राप्त है तथा 75 नए उत्पादों के लिए आवेदन किया गया है। भदोही के कालीन, मुरादाबाद का पीतल, कन्नौज का इत्र और वाराणसी की सिल्क साड़ियां जैसे पारंपरिक उत्पाद आज बड़े कारोबार वाले ब्रांड के रूप में अपनी पहचान बना रहे हैं। यूपीआईटीएस इन हस्तशिल्पियों को सीधे ग्लोबल बायर्स से जोड़कर मिडिलमैन की व्यवस्था को कम करने और बाजार तक सीधी पहुंच उपलब्ध कराने का कार्य कर रहा है।
मा0 मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यूपीआईटीएस का चैथा संस्करण उत्तर प्रदेश की ग्रोथ स्टोरी, मैन्युफैक्चरिंग पावर, पारंपरिक हुनर और युवाओं के इनोवेशन को वैश्विक मंच प्रदान कर रहा है। उन्होंने सभी पार्टनर देशों, उनके राजदूतों, उच्चायुक्तों एवं ट्रेड कमिश्नर्स का आयोजन से जुड़ने के लिए आभार व्यक्त किया तथा मुख्य अतिथि आदरणीय अमित शाह जी के प्रति पुनः आभार व्यक्त करते हुए आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर प्रदेश के मा0 एमएसएमई मंत्री भूपेंद्र चैधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस) प्रदेश के उद्यमियों, कारीगरों और हस्तशिल्पियों को वैश्विक बाजार से जोड़ने का सशक्त मंच बन चुका है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में इसका चैथा संस्करण पहले से अधिक व्यापक स्वरूप में आयोजित किया जा रहा है। आयोजन में रक्षा, कृषि, उद्योग, ई-कॉमर्स, आईटी, शिक्षा, चिकित्सा, बैंकिंग, डेयरी, हैंडलूम, टेक्सटाइल और जीआई उत्पादों समेत विभिन्न क्षेत्रों के 2400 से अधिक स्टॉल हैं। ई-कॉमर्स, एआई, सेमीकंडक्टर, फार्मा, वित्त आदि पर नॉलेज सेशन तथा फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गेनाइजेशंस के सहयोग से अंतरराष्ट्रीय क्रेताओं के साथ बी2बी बैठकें भी हो रही हैं।
मा0 मंत्री जी ने बताया कि 05 लाख से अधिक फुटफॉल, 90 से ज्यादा देशों के 600 से अधिक क्रेताओं की भागीदारी संभावित है। इससे ओडीओपी, महिला उद्यमियों, युवा उद्यमियों, निर्यातकों और छोटे उद्यमों को वैश्विक बाजार तक पहुंचने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक करोड़ से अधिक पंजीकृत एमएसएमई इकाइयां हैं, जो देश में सर्वाधिक हैं। इनमें 03 करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार मिला है। ओडीओपी, विश्वकर्मा श्रम सम्मान, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान और प्लेज पार्क योजना के जरिए उद्यमियों को ऋण, प्रशिक्षण, विपणन व अन्य सुविधाएं दी जा रही हैं।
विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत अब तक 06 लाख से अधिक कारीगरों एवं हस्तशिल्पियों को लाभ मिला है। इस बार 14 नई ट्रेड जोड़कर कुल 25 ट्रेडों में प्रशिक्षण व उन्नत टूल किट की व्यवस्था की गई है। स्वरोजगार के लिए बिना गारंटी और बिना ब्याज ऋण की सुविधा भी उपलब्ध है। प्रदेश में निवेश और रोजगार बढ़ाने के लिए विभिन्न सेक्टरों की नीतियां लागू हैं और निवेश मित्र के माध्यम से उनका लाभ ऑनलाइन व पारदर्शी तरीके से दिया जा रहा है।
उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान मा0 केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह जी एवं मा0 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा ट्रेड शो में लगाए गए विभिन्न उत्पादों एवं औद्योगिक प्रदर्शनियों से संबंधित स्टॉलों का अवलोकन किया गया। इस दौरान दोनों गणमान्य अतिथियों ने प्रदर्शित उत्पादों, हस्तशिल्प, एम0एस0एम0ई0 इकाइयों तथा विभिन्न जनपदों की विशिष्ट औद्योगिक एवं व्यावसायिक गतिविधियों की जानकारी भी ली। कार्यक्रम के दौरान एक जनपद, एक व्यंजन पोर्टल का शुभारंभ भी किया गया
,
पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की 110वीं जयंती के अवसर पर मा0 केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री तथा मा0 मुख्यमंत्री जी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के छायाचित्र पर श्रद्धा-सुमन अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उनके राष्ट्र एवं समाज के प्रति योगदान का स्मरण किया गया।
इस अवसर पर मा0 उप मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश ब्रजेश पाठक, मा0 मंत्री, औद्योगिक विकास, निर्यात प्रोत्साहन, एम0एस0एम0ई0 तथा निवेश प्रोत्साहन, उत्तर प्रदेश नन्द गोपाल गुप्ता ‘‘नन्दी‘‘, मा0 मंत्री, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, उत्तर प्रदेश भूपेंद्र चैधरी, मा0 राज्य मंत्री, लोक निर्माण उत्तर प्रदेश श्री बृजेश सिंह, मा0 राज्य मंत्री सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम उत्तर प्रदेश हंस राज विश्वकर्मा, मा0 राज्य सभा सांसद सुरेन्द्र सिंह नागर, मा0 सांसद गौतमबुद्धनगर डॉ0 महेश शर्मा, मा0 जिला पंचायत प्रशासक अमित चैधरी, मा0 सदस्य, विधान परिषद श्रीचंद शर्मा, मा0 सदस्य, विधान परिषद नरेन्द्र सिंह भाटी, मा0 विधायक, दादरी तेजपाल सिंह नागर, मा0 विधायक, जेवर धीरेन्द्र सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, शासन, जिला प्रशासन, प्राधिकरण एवं पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारीगण एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।






