खेरली हाफिजपुर में नालों की सफाई नहीं होने से सड़क पर जलभराव
नवरात्र में ज्योति लेकर आने-जाने वाले श्रद्धालु परेशान, अतिक्रमण हटाकर सफाई कराने की मांग

बिलासपुर: दनकौर-सिकंदराबाद मुख्य मार्ग स्थित खेरली हाफिजपुर गांव में नालों की सफाई नहीं होने और अतिक्रमण के चलते सड़क पर जलभराव की समस्या बनी हुई है। नाले ओवरफ्लो होने से गंदा पानी मुख्य सड़क पर भर रहा है। नवरात्र के दौरान मां दुर्गा की ज्योति गाजे-बाजे के साथ लेकर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को भी गंदगी और जलभराव के बीच से गुजरना पड़ रहा है। इससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीण सतवीर भाटी, मुकेश प्रजापति, सुशील कुमार, मांगेराम शर्मा, रमाकांत शर्मा, लीलू सिंह, त्रिलोक नागर और शिवकुमार आदि ने बताया कि गांव के दोनों तरफ बने नालों की नियमित सफाई नहीं होने और अतिक्रमण के कारण जलनिकासी बाधित है। इसके चलते मुख्य सड़क पर जलभराव की समस्या वर्षों से बनी हुई है। सड़क पर गंदा पानी जमा होने से राहगीरों और वाहन चालकों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों का कहना है कि नवरात्र जैसे धार्मिक अवसर पर श्रद्धालुओं को भी इसी गंदगी और जलभराव से होकर गुजरना पड़ रहा है। इसके बावजूद संबंधित विभाग के अधिकारी समस्या के स्थायी समाधान की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से मुख्य सड़क के दोनों तरफ नालों की सफाई कराने, जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त करने और नालों पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक अतिक्रमण हटाकर सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं की जाएगी, तब तक जलभराव की समस्या से निजात मिलना मुश्किल है।
ग्रामीणों ने कटाक्ष करते हुए कहा कि यदि गांव की मुख्य सड़क पर गंदगी और जलभराव की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो दीवारों पर लिखे ‘स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत’ के नारे लोगों को मुंह चिढ़ाते नजर आएंगे। उन्होंने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर ग्रामीणों और श्रद्धालुओं को राहत दिलाने की मांग की है।
रिपोर्टर घनश्याम पाल






