प्यार में नाकाम रहे आशिक ने प्रेमिका के निजी फोटो किए वायरल
प्रेमी की हरकतों से ख़फ़ा युवती ने पुलिस से लगाई मदद की गुहार मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की

औरंगाबाद (बुलंदशहर )प्रेम में नाकाम रहे एक युवक ने अपनी प्रेमिका के निजी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। पीड़िता ने प्रेमी युवक को नामजद करते हुए पुलिस को तहरीर देकर मदद की गुहार लगाई। मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की है।
थाना क्षेत्र के गांव लखावटी निवासी एक युवती के निजी फोटो उसके प्रेमी युवक ने फेसबुक इंस्टाग्राम आदि पर अपलोड कर दिए। जानकारी मिलने पर युवती ने पुलिस को आरोपी युवक को नामजद करते हुए लिखित तहरीर देकर मदद की गुहार लगाई। पुलिस को दी गई तहरीर में युवती ने अपने प्रेमी युवक पर जबरन साथ ले जाने की धमकी देने, उसे और उसके परिजनों को जान से मार डालने और खुदकुशी करने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपी अतुल कुमार पुत्र प्रमोद कुमार राघव निवासी गांव बरौली बासुदेवपुर थाना कोतवाली स्याना के खिलाफ बी एन एस 2023की धारा78,79,351(3) तथा 356 के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
विदित हो कि उक्त युवक ने लगभग एक वर्ष पूर्व फिल्म शोले की तर्ज पर लखावटी में टावर पर चढ़कर अपनी प्रेमिका को मौके पर बुलाने की मांग की थी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर बामुश्किल समझा बुझाकर उसे टावर से उतारा था। युवक ने युवती से कोर्ट मैरिज होने की बात कही थी और अपने साथ चलने की जिद की थी। युवती ने तमाम आरोपों से पल्ला झाड़ते हुए उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने शांति भंग करने के आरोप में चालान किया था। उसके बाद भी युवक अपनी ज़िद पर अड़ा हुआ है।
रिपोर्टर राजेंद्र अग्रवाल






