किसान मंच

दनकौर में बसपा की विशाल रैली, आकाश आनंद ने भाजपा, सपा और कांग्रेस पर साधा निशाना

रैली में जेवर विधानसभा क्षेत्र से जनता की संख्या उम्मीद से ज्यादा काम रही वहीं सतवीर  नागर के प्रत्याशी घोषित होने से समर्थकों में उत्साह देखने को मिला 

2027 में मायावती को पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनाने का आह्वान, सतवीर नागर को जेवर से जिताने की अपील 

दनकौर:दनकौर स्थित किसान आदर्श इंटर कॉलेज के मैदान में मंगलवार को बहुजन समाज पार्टी की विशाल रैली का आयोजन किया गया। बसपा नेता एवं जेवर विधानसभा क्षेत्र से पार्टी के पूर्व प्रत्याशी सतवीर नागर के संयोजन में आयोजित रैली में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं समर्थक पहुंचे। कार्यक्रम में बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद मुख्य अतिथि तथा राष्ट्रीय महासचिव मुनकाद अली विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष लखमी सिंह ने की, जबकि संचालन ओमप्रकाश कश्यप ने किया।

रैली के दौरान बसपा नेताओं ने भाजपा, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। वक्ताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और गांव-गांव पहुंचकर पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।

राष्ट्रीय महासचिव मुनकाद अली ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी केवल राजनीतिक दल नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन का मिशन है। पार्टी का उद्देश्य समाज के हर वर्ग, नौजवानों, दलितों, पिछड़ों, मजदूरों और अल्पसंख्यकों को सम्मान, अधिकार और समान अवसर दिलाना है।

उन्होंने कहा कि बसपा संस्थापक स्वर्गीय कांशीराम ने दलित, पिछड़े, मुस्लिम, गरीब और मजदूर समाज के अधिकारों के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया। उनके मिशन को बसपा सुप्रीमो मायावती आगे बढ़ा रही हैं।

मुनकाद अली ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि राम मंदिर और राम जन्मभूमि के नाम पर भाजपा ने उत्तर प्रदेश और केंद्र में सरकार बनाई, लेकिन चुनाव के दौरान किए गए कई वादों को पूरा नहीं किया गया। उन्होंने सपा के शासनकाल पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि बसपा सरकार के दौरान सभी वर्गों की सुरक्षा और विकास पर विशेष ध्यान दिया गया।

उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश और केंद्र की राजनीति में बसपा की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने भाजपा और सपा पर बसपा को कमजोर करने के प्रयास करने का आरोप भी लगाया।

मुख्य अतिथि आकाश आनंद ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में बहन मायावती को पांचवीं बार उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने के लिए बहुजन समाज को एकजुट होना होगा।

उन्होंने जेवर विधानसभा क्षेत्र के लिए सतवीर नागर को पार्टी का प्रत्याशी घोषित किए जाने की बात कहते हुए कार्यकर्ताओं और समर्थकों से उन्हें हाथी के चुनाव चिह्न पर भारी बहुमत से विजयी बनाने की अपील की। सतवीर नागर को प्रत्याशी बनाए जाने की घोषणा के बाद समर्थकों में उत्साह देखने को मिला।

आकाश आनंद ने कहा कि बहन मायावती ने उन्हें राष्ट्रीय संयोजक की जिम्मेदारी दी है, जिसके लिए वह उनके आभारी हैं। उन्होंने कहा कि कांशीराम और मायावती के बताए रास्ते पर चलते हुए वह संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेंगे।

आकाश आनंद ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में लंबे समय से भाजपा की सरकार है, लेकिन सरकार अपनी उपलब्धियां बताने के लिए विज्ञापनों पर जनता का पैसा खर्च कर रही है। उन्होंने बेरोजगारी, शिक्षा, महंगाई, कानून व्यवस्था और सरकारी पदों के खाली होने का मुद्दा उठाते हुए सरकार को घेरा।

उन्होंने दावा किया कि बड़ी संख्या में सरकारी और शिक्षक पद खाली हैं तथा करोड़ों युवा रोजगार की तलाश में हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को स्थायी रोजगार और बेहतर शिक्षा देने के बजाय मुफ्त राशन जैसी योजनाओं के माध्यम से उन्हें निर्भर बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है।

महंगाई के मुद्दे पर भी उन्होंने सरकार को घेरते हुए कहा कि गैस, पेट्रोल, चीनी और रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं के दाम बढ़ने से आम आदमी परेशान है।

आकाश आनंद ने मायावती सरकार के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय गौतमबुद्धनगर सहित पूरे उत्तर प्रदेश में विकास कार्य तेजी से कराए गए। उन्होंने दावा किया कि बसपा सरकार में कानून व्यवस्था बेहतर थी और अपराधों पर नियंत्रण रहा।

उन्होंने समाजवादी पार्टी की पूर्व सरकार पर भी कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए। साथ ही सपा और कांग्रेस पर बसपा को कमजोर करने के लिए राजनीतिक हथकंडे अपनाने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता को किसी भी तरह के बहकावे में नहीं आना है। बसपा सामाजिक न्याय, संविधान और आरक्षण की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी।

रैली में जेवर विधानसभा क्षेत्र से जनता की संख्या उम्मीद से ज्यादा काम रही वहीं सतवीर  नागर के प्रत्याशी घोषित होने से समर्थकों में उत्साह देखने को मिला

रैली के दौरान आकाश आनंद द्वारा जेवर विधानसभा क्षेत्र से सतवीर नागर को पार्टी का प्रत्याशी बनाए जाने की घोषणा के बाद उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं ने नारे लगाकर उत्साह व्यक्त किया और आगामी चुनाव में पार्टी को मजबूत करने का संकल्प लिया।

सतवीर नागर ने रैली में पहुंचे कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी उन्हें दी है, उसे पूरी निष्ठा से निभाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और बसपा की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद रैली रहे व पूर्व राज्यमंत्री करतार सिंह नागर, पूर्व विधायक एवं प्रत्याशी रहे राजेंद्र सिंह सोलंकी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य योगेंद्र भाटी, सतवीर गुर्जर, नरेश गौतम, मनवीर भाटी, जिला अध्यक्ष लखमी सिंह, मुनेन्द्र प्रधान, जयप्रकाश सिंह, चेतन आजाद, संजय नवादा, कपिल प्रधान, उधम नागर, श्रीपाल भाटी, सुंदर नागर, सुनील, रवि पहलवान, नीरज, रविंद्र अधाना, प्रकाश प्रधान, राजेंद्र, राजसिंह प्रधान, लीलू प्रधान, विजेंद्र भाटी, सुगन नागर, यतेंद्र प्रधान, हरवीर नागर, जीतेन्द्र भाई, हर्ष नागर, जयवीर नागर, नवीन शर्मा, सुनील जाटव, राजे प्रधान, नरेश चपरगढ़ और कृष्ण नागर सहित बड़ी संख्या में बसपा कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।

रिपोर्टर घनश्याम पाल

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!