बुलन्दशहर

प्रापर्टी डीलर गोली काण्ड में पिता की तहरीर पर आधा दर्जन नामजदों सहित आठ के खिलाफ मामला दर्ज 

सभी नामजद आरोपी फरार नहीं चढ़ा कोई पुलिस के हत्थे

औरंगाबाद( बुलंदशहर )शुक्रवार को प्रापर्टी डीलर को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल किए जाने के मामले में पीड़ित के पिता की तहरीर पर पुलिस ने छः नामजदों सहित आठ लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी हमलावरों की तलाश में ताबड़तोड़ दविश दी लेकिन घटना के चौबीस घंटे बाद भी पुलिस के हत्थे एक भी हमलावर नहीं चढ़ सका। हमलावरों की तलाश सरगर्मी से जारी है,

शुक्रवार को पाली बेगपुर मोड़ पर खान प्रापर्टी डीलर के आफिस पर हुए हमले और गोली काण्ड मामले में घायल गुलजार के पिता निसार पुत्र मुंशी निवासी ग्राम रजवाना ने पुलिस को लिखित तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने रितिक पुत्र अजयपाल , संदीप पुत्र जयराम , प्रिंस पुत्र चमन,छोटू पुत्र चमन, सचिन पुत्र मुकेश सभी निवासी ग्राम रजवाना , और नवीन निवासी ग्राम खनौदा थाना औरंगाबाद तथा दो अज्ञात लोगों के खिलाफ धाराओं 191(2),191(3), 190,109(1),352,351(3) एवं 3(5) के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की‌ है। विभिन्न टीमें गठित कर हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस को ताबड़तोड़ दविश के बाबजूद फिलहाल हमलावरों की तलाश में नाकामी हाथ लगी है। घटना के चौबीस घंटे बाद भी पुलिस के हत्थे एक भी हमलावर नहीं चढ़ सका है।

गौरतलब है कि गुरुवार को गांव के रास्ते पर आमने-सामने आ गयी गाड़ी आगे पीछे करने को लेकर हुई मामूली कहासुनी के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और एक युवक की पिटाई कर दी गई। मामला थाने पहुंचा तो पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में ले लिया। इसके बाद प्रापर्टी डीलर के आफिस पर लाठी डंडों तमंचे से लैस हमलावरों ने शुक्रवार को हमला बोल कर गुलजार पुत्र निसार को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घायल‌ का मेरठ अस्पताल में इलाज चल रहा है। हालत नाज़ुक बताई जा रही है। दो संप्रदायों से जुड़े होने के चलते पुलिस प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद रहा। ए डी जी भानू भास्कर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश चंद्र सहित तमाम उच्चाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। गांव में हालात सामान्य बताये जा रहे हैं।

रिपोर्टर राजेंद्र अग्रवाल

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!