ग्रेटर नोएडा

सेंट जॉर्ज स्कूल में गूंजा गायत्री मंत्र, अखंड दीप की ज्योति से विद्यार्थियों ने लिया आशीर्वाद

बिलासपुर: सेंट जॉर्ज स्कूल में सोमवार को आध्यात्मिक एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शांतिकुंज, हरिद्वार से आए प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को गायत्री मंत्र के महत्व, आध्यात्मिक प्रभाव और नियमित जाप से होने वाले लाभों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि गायत्री मंत्र का 108 बार उच्चारण मन की एकाग्रता, सकारात्मक सोच और मानसिक शांति के लिए लाभकारी माना जाता है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के सभी विद्यार्थियों ने अनुशासन और श्रद्धा के साथ आध्यात्मिक संदेशों को सुना। प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, संस्कार और आध्यात्मिक मूल्यों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के जीवन में शिक्षा के साथ-साथ अच्छे संस्कार, एकाग्रता और सकारात्मक विचारों का भी महत्वपूर्ण योगदान होता है।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण अखंड दीप की पवित्र ज्योति रही। शांतिकुंज, हरिद्वार से लाई गई अखंड दीप की ज्योति के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने श्रद्धापूर्वक दर्शन किए। कार्यक्रम में बताया गया कि यह अखंड दीप वर्ष 1926 से निरंतर प्रज्वलित है। विद्यालय परिसर में इस पवित्र ज्योति के पहुंचने से विद्यार्थियों में विशेष उत्साह और श्रद्धा का वातावरण दिखाई दिया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ. रजनीश सेठी, एडमिन हेड अनिल भाटी, श्रीमती नीतू राघव, अरविंद उपाध्याय एवं श्रीमती पूजा राघव सहित विद्यालय के शिक्षकगण मौजूद रहे।

विद्यालय परिवार ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में आध्यात्मिक चेतना, एकाग्रता, सकारात्मक सोच और भारतीय संस्कारों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में श्रद्धा और आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।

रिपोर्टर घनश्याम पाल

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!