आईएचजीएफ दिल्ली फेयर–ऑटम 2026:भारत के सर्वश्रेष्ठ हस्तनिर्मित उत्पादों को अपने व्यापक सुपर संस्करण में करेगा पेश
इंडिया एक्सपो सेंटर, ग्रेटर नोएडा में 13-17 अक्टूबर 2026 तक

वैश्विक बाजार की आवश्यकताओं के हिसाब से विविध प्रदर्शकों और उत्पादों का विस्तृत स्पेक्ट्रम
लगभग 100 देशों से आने वाले खरीदार, 17 हॉलों और 900 स्थायी शोरूमों में 3,000 से अधिक प्रदर्शकों से जुड़ेंगे
ट्रेंड बूथ, यंग डिज़ाइनर्स कलेक्टिव, क्षेत्रीय शिल्प, चयनित हैंडलूम एवं हस्तशिल्प आर्टिजन उद्यमी (आर्टिजनप्रेन्योर) करेंगे भागीदारी, ज्ञान सत्र और अन्य कार्यक्रम सोर्सिंग अनुभव को समृद्ध बनाएंगे
दिल्ली/एनसीआर: अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित और प्रसिद्ध व्यापार मंच के तौर पर स्थापित आईएचजीएफ दिल्ली फेयर- ऑटम 2026 अपने 62वें संस्करण के लिए तैयार है। यह आयोजन 13 से 17 अक्टूबर 2026 तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में होगा। हस्तशिल्प निर्यात संवर्धन परिषद (ईपीसीएच) द्वारा आयोजित और इंडिया एक्सपोज़िशन मार्ट लिमिटेड (आईईएमएल) में आयोजित यह मेला भारत की विविध शिल्प कला, डिज़ाइन क्षमता और उत्पाद नवाचार को एक वैश्विक सोर्सिंग मंच पर एक साथ लाता है।
हर संस्करण के साथ प्रदर्शकों, खरीदारों और उद्योग हितधारकों की बदलती अपेक्षाओं के अनुरूप लगातार विकसित होता, यह मेला एक प्रगतिशील और भविष्य के लिए तैयार व्यापार मंच के रूप में अपनी स्थिति को और मजबूत करता है। उत्पादों और डिज़ाइनों के शानदार संगम के माध्यम से, यह विभिन्न लाइफ स्टाइल और लिविंग स्पेस के अनुरूप विस्तृत उत्पाद विकल्प प्रस्तुत करता है, साथ ही सस्टेनेबल जीवनशैली के लिए अनेक संभावनाएं भी उत्पन्न करता है। होम, लाइफस्टाइल, फैशन, फर्निशिंग, फर्नीचर और इंटीरियर इसके प्रमुख वर्ग हैं। यह संस्करण 17 हॉलों में फैला है और इसमें 16 प्रमुख उत्पाद विभाग शामिल हैं, जिनमें होम डेकोर एंड एक्सेंट्स; होम फर्निशिंग, कालीन एवं रग; टेक्सटाइल एवं लिनन; गिफ्ट्स एवं प्रीमियम; इंटीरियर; फर्नीचर; फैशन ज्वेलरी; बैग एवं एक्सेसरीज़; लैंप एवं लाइटिंग एक्सेसरीज़; आउटडोर एवं गार्डन; अरोमा, स्पा एवं लाइफस्टाइल; क्रिसमस एवं फेस्टिव डेकोर; किचन एवं डिनरवेयर; बाथरूम एक्सेसरीज़; केन, बांस, कागज एवं पर्यावरण-अनुकूल उत्पाद तथा खिलौने एवं एक्सेसरीज़ शामिल हैं।
इस अवसर पर ईपीसीएच के अध्यक्ष डॉ. नीरज खन्ना ने कहा, “पिछले तीन दशकों में आईएचजीएफ दिल्ली मेला वैश्विक खरीदारों और भारतीय निर्यातकों के लिए एक विश्वसनीय सोर्सिंग मंच बन चुका है। दुनिया भर से गुणवत्ता चाहने वाले खरीदारों के महत्वपूर्ण आगमन के साथ, हमारे प्रदर्शक इस संस्करण को भारतीय हस्तशिल्प क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण मंच बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। जैसे ही हम एक और सोर्सिंग सीज़न में प्रवेश कर रहे हैं, हम अंतरराष्ट्रीय खरीदारों और भारत के हस्तशिल्प निर्यातकों के बीच सार्थक व्यापारिक नेटवर्किंग तथा उत्पादक मैचमेकिंग की उम्मीद करते हैं। साथ ही हमें उम्मीद है कि असंख्य कारीगर, जिनके प्रतिभाशाली हाथ और कला इस जीवंत क्षेत्र को संभाले हुए हैं, इस मौके का लाभ उठा सकेंगे।”
अपनी बात को विस्तार देते हुए डॉ. खन्ना ने कहा, “अंतरराष्ट्रीय सोर्सिंग समुदाय भारत से बड़ी उम्मीदें रखता है। हस्तशिल्प जैसे श्रम-प्रधान क्षेत्र भारत की हालिया व्यापार वार्ताओं में महत्वपूर्ण केंद्र बने हुए हैं। संयुक्त अरब अमीरात, ऑस्ट्रेलिया, ब्रिटेन, ओमान, न्यूजीलैंड और ईएफटीए के साथ हुए व्यापार समझौतों से भारतीय निर्यातकों को बेहतर बाजार पहुँच की उम्मीद है। खरीदारों की रजिस्ट्रेशन इसकी पुष्टि करते हैं। हम यूरोपीय बाजारों में अपनी उपस्थिति बढ़ाने की स्थिति में हैं और इन देशों से मजबूत खरीदार भागीदारी की अपेक्षा है।”
आईएचजीएफ दिल्ली फेयर की भारत को विश्व तक और विश्व को भारत से जोड़ने की यात्रा पर चिंतन करते हुए, ईपीसीएच के महानिदेशक की भूमिका में मुख्य संरक्षक और आईईएमएल के अध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार ने कहा, “1994 में अपनी शुरुआत से ही आईएचजीएफ दिल्ली फेयर विश्व के सबसे व्यवहारिक और प्रासंगिक बाजारों में से एक बना रहा है। साथ ही यह वैश्विक खरीदारों का पसंदीदा गंतव्य बन गया है। तीन दशकों से इसने भारत की असाधारण शिल्प कला और बढ़ती क्षमताओं को बढ़ावा दिया है, जिससे निर्माताओं, निर्यातकों और कारीगरों के लिए सार्थक व्यापारिक अवसर पैदा हुए हैं। यह संस्करण भारत के सर्वश्रेष्ठ शिल्प, डिज़ाइन-आधारित संग्रह और नए उद्यमों के समृद्ध प्रदर्शन के साथ उस विरासत को आगे बढ़ाता है, जिससे खरीदारों और आपूर्तिकर्ताओं को विकास एवं सहयोग के नए अवसर खोलने के लिए एक साथ लाया जाता है।”
सोर्सिंग अनुभव को समृद्ध बनाने के लिए विशेष रूप से तैयार किए गए आकर्षणों पर प्रकाश डालते हुए, ईपीसीएच के उपाध्यक्ष श्री सागर मेहता ने कहा, “एक इमर्सिव सोर्सिंग और नेटवर्किंग अनुभव के रूप में डिज़ाइन किए गए इस संस्करण में कई खूबियां शामिल हैं, जिनमें प्रमुख निर्माण क्लस्टरों से डेकोर-यूटिलिटी और फर्निशिंग संग्रह, इनोवेटिव उत्पाद विकास का मजबूत प्रदर्शन और उभरते स्टार्टअप्स की नई पेशकश शामिल हैं। आगंतुकों के लिए एक समृद्ध और आकर्षक सोर्सिंग अनुभव तैयार है, जिसमें पूर्वोत्तर और देश के अन्य हिस्सों से कारीगरों की भागीदारी की विशेष थीम-आधारित प्रस्तुतियों वाले क्षेत्रीय प्रदर्शन शामिल हैं। मेले में ट्रेंड बूथ और देशभर के चयनित हैंडलूम बुनकरों तथा हस्तशिल्प आर्टिजनप्रेन्योर्स के चयनित संग्रह भी होंगे, जिन्हें हस्तशिल्प विकास आयुक्त (हैंडलूम एवं हस्तशिल्प) कार्यालय द्वारा भेजा गया है। यंग डिज़ाइनर्स कलेक्टिव भारत के प्रमुख डिज़ाइन संस्थानों में आधार बनाने के बाद अपने-अपने क्षेत्रों में स्थापित प्रतिभा रखने वाले डिज़ाइनरों को एक साथ लाता है।”
आईएचजीएफ दिल्ली फेयर- ऑटम 2026 स्वागत समिति के अध्यक्ष श्री अवधेश अग्रवाल ने विस्तार से बताया, “इस मेले के माध्यम से ईपीसीएच एक अनुकूल व्यापारिक वातावरण तैयार करता है, जिसमें प्रदर्शकों का एक बहुत बड़ा समूह एक ही मंच पर जुटता है और आगंतुक खरीदारों को निर्यातकों के साथ सीधी बातचीत का अवसर मिलता है। इससे वे उपलब्ध उत्पाद संग्रह और अपने बाजारों की ज़रूरतों के हिसाब से कस्टमाइज्ड उत्पाद, दोनों को सोर्स कर सकते हैं। हमारे प्रदर्शकों ने आगामी सीज़न के अनुरूप नए उत्पाद रेंज प्रस्तुत करने के लिए अथक परिश्रम किया है, जो भारत की सर्वश्रेष्ठ पेशकश को दर्शाते हैं। वहीं, दुनिया भर के खरीदारों की उत्साहपूर्ण प्रतिक्रिया और बड़ी संख्या में हुई प्री-रजिस्ट्रेशन इस मेले की एक पसंदीदा अंतरराष्ट्रीय सोर्सिंग हब के रूप में बनी प्रतिष्ठा की पुष्टि करते हैं।”
“यह आयोजन भारत के युवा कार्यबल और डेमोग्राफिक डिविडेंड की ताकत को दिखाता है, जो इनोवेशन और उद्यमिता के माध्यम से चुनौतियों को अवसरों में बदलते रहे हैं। हम इस प्रमाणित, प्रगतिशील और अपरिहार्य वैश्विक सोर्सिंग हब के माध्यम से भारत की अद्वितीय विविधता और शिल्प कला का उपयोग करने में विश्वास रखते हैं। हमारा उद्देश्य भारत को सभी के लिए, यानी बड़े थोक विक्रेताओं और आयातकों से लेकर विशेष उत्पाद खरीदारों और खुदरा विक्रेताओं तक, पसंदीदा सोर्सिंग गंतव्य बनाना है” आईएचजीएफ दिल्ली फेयर – ऑटम 2026 स्वागत समिति के उपाध्यक्ष श्री प्रदीप मुच्छला ने कहा ।
उभरते वैश्विक व्यापार रुझानों और नियमों के बारे में निर्यातकों को सूचित रखने के महत्व पर बल देते हुए आईएचजीएफ दिल्ली फेयर – ऑटम 2026 स्वागत समिति के उपाध्यक्ष श्री राजेश कुमार जैन ने कहा, “ईपीसीएच मेले के दौरान आकर्षक और जानकारी से युक्त सत्र आयोजित करता रहा है। मेले के दौरान ‘द हायर क्वेस्ट’ में ग्लोबल बायर ट्रेंड्स 2027: व्हाट विल सेल इन होम, लाइफस्टाइल, फैशन एंड इंटीरियर्स?; प्रोडक्शन एंड सोर्सिंग इंन वर्ल्ड आफ एआई एंड हाउ एक्सपोर्टर्स कैन नैविगेट दिस एरिया; फ्रॉम ऑनलाइन विजिबिलिटी टु वैरिफाइड ग्लोबल आर्डर्स: निर्यातकों के लिए एआई, जीईओ और एईओ; यूरोपीय संघ के वनों की कटाई विनियमन (यूरोपियन यूनियन डीफॉरेस्टेशन रेग्युलेशन- ईयूडीआर) कंप्लायंस एंड सप्लाई चेन ट्रेसेबिलिटी; एक्सपोर्टिंग टु यूरोपियन यूनियन: अंडरस्टैंडिंग पैकेजिंग एंड पैकेजिंग वेस्ट रेग्युलेशन (पीपीडब्ल्यूआर) कंप्लायंस रिक्वायरमेंट; इंडियाज़ एफटीए मोमेंट: न्यू गेटवेज़ फ़ॉर वैल्यू चेन्स, मार्केट एक्सेस एंड सोर्सिंग डिसीजन्स; तथा निर्यात संवर्धन मिशन: हस्तशिल्प निर्यातकों के लिए वित्तीय और बाज़ार-सहायता अवसर जैसे विषयों पर सेमिनार शामिल होंगे। शिल्प प्रदर्शन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी इवेंट का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।”
खरीदार संवर्धन पहलों पर टिप्पणी करते हुए आईएचजीएफ दिल्ली फेयर – ऑटम 2026 स्वागत समिति के उपाध्यक्ष श्री सलमान आज़म ने कहा, “हमारी हालिया विदेशी भागीदारी और आईएचजीएफ दिल्ली फेयर खरीदार आउटरीच पहलों, जिनमें अमेरिका, ग्रीस, फ्रांस, मध्य पूर्व और अन्य बाजारों में प्रमुख प्रदर्शनियों में एक-एक बैठकें और प्रचार गतिविधियां शामिल हैं, को अंतरराष्ट्रीय खरीदार समुदाय ने बहुत अच्छी प्रतिक्रिया दी है और कई खरीदारों ने आईएचजीएफ दिल्ली फेयर – ऑटम 2026 में आने की पुष्टि की है।”
आईएचजीएफ दिल्ली फेयर – ऑटम 2026 के स्वागत समिति उपाध्यक्ष श्री प्रियेश भंडारी ने कहा, “मेले को व्यापक प्रचार देने के लिए परिषद ने प्रमुख अंतरराष्ट्रीय बाजारों में प्रतिनिधित्व, अंतरराष्ट्रीय पत्रिकाओं और उनके डिजिटल संस्करणों में डिजिटल विज्ञापन, ऑनलाइन पोर्टल, वेब बैनर और अन्य मंचों के माध्यम से व्यापक वैश्विक प्रचार अभियान चलाया है। भारतीय दूतावासों ने भी अपने-अपने देशों के खरीदारों और आयातकों को निमंत्रण भेजा है। मेले को सोशल मीडिया मंचों पर भी व्यापक कवरेज मिला है।” अपनी बात को विस्तार देते हुए श्री भंडारी ने कहा, “आगंतुक प्रोफाइल में दुनिया भर के विदेशी खरीदार शामिल हैं, जिनमें थोक विक्रेता, वितरक, चेन स्टोर, डिपार्टमेंटल स्टोर, खुदरा विक्रेता, मेल-ऑर्डर कंपनियाँ, ब्रांड स्वामी, बाइंग हाउस, डिज़ाइनर और ट्रेंड फोरकास्टर, साथ ही खरीद प्रतिनिधि और घरेलू बड़े खरीदार शामिल हैं।”
आईएचजीएफ दिल्ली फेयर – ऑटम 2026 की स्वागत समिति के उपाध्यक्ष श्री आर. बी. लाहोटी भी इस भावना से सहमत दिखे। उन्होंने कहा, “आगामी संस्करण के लिए हमारा ध्यान कुशल नेविगेशन, सार्थक खरीदार–प्रदर्शक बातचीत और त्वरित सोर्सिंग सुविधा के माध्यम से हर आने वाले खरीदार के लिए एक सहज और व्यापार के लिए अनुकूल अनुभव बनाने पर है। भाग ले रहे निर्यातकों को स्पष्ट रूप से शानदार संग्रह, उत्पादन क्षमता, डिलीवरी कार्यक्रम और बाजार-विशिष्ट प्रस्ताव प्रस्तुत करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है, ताकि चर्चाएँ उत्पाद को पहचाने के चरण से जल्द से जल्द गंभीर व्यापारिक बातचीत, सार्थक पूछताछ और दीर्घकालिक सोर्सिंग संबंधों की ओर बढ़ सकें।”
ईपीसीएच के कार्यकारी निदेशक श्री राजेश रावत ने बताया कि “मेले के इस संस्करण में अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, ऑस्ट्रिया, बहरीन, बेल्जियम, ब्राज़ील, कनाडा, चिली, चीन, चेक गणराज्य, डेनमार्क, मिस्र, फ्रांस, जर्मनी, ग्रीस, हांगकांग, इज़राइल, इटली, जापान, मेक्सिको, नीदरलैंड, न्यूज़ीलैंड, पोलैंड, पुर्तगाल, कतर, रूसी संघ, सऊदी अरब, सिंगापुर, दक्षिण अफ्रीका, स्पेन, स्वीडन, स्विट्ज़रलैंड, थाईलैंड, संयुक्त अरब अमीरात, ब्रिटेन, अमेरिका, उरुग्वे, वियतनाम और कई अन्य देशों समेत लगभग 100 देशों के विदेशी खरीदारों के आने की अपेक्षा है।”
श्री रावत ने कहा, “जिन कंपनियों और डिपार्टमेंटल स्टोर्स के प्रतिनिधियों ने मेले में आने की पुष्टि की है, उनमें आइवसा डिज़ाइन, अर्जेंटीना; लक्स ब्रांड्स ग्रुप, जेनेक्स डिज़ाइन्स, ऑस्ट्रेलिया; एक्सएक्सएक्सलुट्ज़ केजी, ऑस्ट्रिया; डेकोकैंडल बेल्जियम; फोकस टेक्सटिल, ब्राजील; एस्लांटो एलएलसी, सली इनोवेशन्स इंक, कनाडा; एस्चर्ट डिज़ाइन, चीन; स्काउ कंपनी, डेनमार्क; लियादे फ्रांस; ट्राउट्ज़ जीएमबीएच एंड कंपनी केजी, खेजी जीएमबीएच एंड कंपनी केजी, जर्मनी; नोआ पाज़ स्टूडियो, इज़राइल; कासा फिलातो, बिज़ोटो स्पा, इटली; सेग्रेट कंपनी लिमिटेड, जापान; एस.एल. ट्रेडिंग ग्रुप लिमिटेड, मेक्सिको; सीसी इंटीरियर्स, न्यूज़ीलैंड; अल्टोम एपी, पोलैंड; अल मकतब अल क़तरी अल हॉलैंडी डब्ल्यूएलएल कतर; अलकफ़ारी ग्रुप, सउदी अरब; बोहोहाउस, सिंगापुर; एमडीसी – होम फर्निशिंग, दक्षिण अफ्रीकी; ओफेलिया होम डेकोर, एस.एल., स्पेन; निजवी फर्नीचर, नीदरलैंड; एमएस होम काउचर, होमसेंटर एलएलसी, लैंडमार्क ग्रुप, यूएई; चेल्सी टेक्सटाइल्स, पीसेज़ फॉर प्लेसेज़, ब्रिटेन; टारगेट, टीजेएक्स कंपनीज़, वॉलमार्ट ग्लोबल सो्र्सिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, होमगुड्स, वेलस्पन, संयुक्त राज्य अमेरिका शामिल हैं।”
श्री रावत ने यह भी बताया कि हालिय संस्करणों में मेले में प्रसिद्ध घरेलू खरीदारों से बड़ी मात्रा में खुदरा खरीद भी हुई है। उन्होने ये भी कहा “नई खरीद गतिशीलता और अंतरराष्ट्रीय डिज़ाइनों तथा प्रीमियम उत्पादों की बढ़ती मांग से प्रेरित भारत में तेजी से बदलते रिटेल सीन को सुविधाजनक बनाने के लिए, आईएचजीएफ दिल्ली फेयर प्रमुख भारतीय रिटेल और ऑनलाइन ब्रांड्स और बड़े घरेलू खरीदारों से खरीद और सोर्सिंग सलाहकारों तथा आगंतुकों की मेजबानी करता रहा है। आदित्य बिड़ला फैशन, आर्चीज़, बॉम्बे स्वदेशी स्टोर्स, चुम्बक डिज़ाइन प्राइवेट लिमिटेड, फैब इंडिया लिमिटेड, होम एसेंशियल्स, लाइफस्टाइल इंटरनैशनल, लुलु ग्रुप, मिनिसो लाइफस्टाइल प्राइवेट लिमिटेड, रिलायंस रिटेल, शॉपर्स स्टॉप, स्पेंसर रिटेल, ट्रेंट लिमिटेड और कई अन्य ने मेले में आने की पुष्टि की है।”
ईपीसीएच (हस्तशिल्प निर्यात संवर्धन परिषद) देश से विश्व के विभिन्न गंतव्यों तक हस्तशिल्प के निर्यात को बढ़ावा देने और विदेश में भारत की छवि को उच्च गुणवत्ता वाले हस्तशिल्प के विश्वसनीय आपूर्तिकर्ता के रूप में प्रस्तुत करने के लिए एक नोडल संस्थान है। ईपीसीएच के कार्यकारी निदेशक श्री राजेश रावत ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान हस्तशिल्प का कुल निर्यात 33,168 करोड़ रुपये (3,754 मिलियन डॉलर) रहा।






