बुलन्दशहर

प्रेमिका को पाने की जिद में प्रेमी युवक चढ़ा टावर पर 

हाई वोल्टेज ड्रामे के पश्चात प्रेमिका के आने पर युवक आया नीचे,प्रेमिका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने युवक को लिया हिरासत में ,मामला दर्ज जांच शुरू 

औरंगाबाद (बुलंदशहर )थाना क्षेत्र के एक गांव में एक आशिक युवक ने सत्तर फिट ऊंचे टावर पर चढ़ कर पेट्रोल शरीर पर उंडेल कर हाई वोल्टेज ड्रामा शुरू कर दिया। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को समझा-बुझाकर नीचे उतर आने का आग्रह किया लेकिन वह प्रेमिका को मौके पर बुलाकर बात कराने की ज़िद पर अड़ा रहा। प्रेमिका के आने और मोबाइल पर बात करने के बाद प्रेमी युवक नीचे आया। प्रेमिका के पिता ने पुलिस को लिखित तहरीर देकर आरोपी युवक पर अपनी पुत्री पर शादी के लिए जबरन दबाब बनाने का आरोप लगाया। पुलिस ने नामजद आरोपी को हिरासत में ले कर जांच पड़ताल शुरू की है।

थाना क्षेत्र के गांव लखावटी में इंटर कालेज के खेल मैदान के पीछे लगे सत्तर फुटे मोबाइल टावर पर मंगलवार की सुबह आठ बजे एक युवक अपने साथ प्लास्टिक कैन में पैट्रोल लेकर पहुंचा। युवक अपने शरीर पर पैटृोल उड़ेल कर टावर पर जा चढ़ा और फिल्म शोले के बीरु के अंदाज में अपनी प्रेमिका को बुलाने अथवा खुद को आग के हवाले कर जान दे देने का ऐलान करने लगा। ग्रामीणों ने अनहोनी की आशंका देख पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी असलम खान मय पुलिस बल मौके पर पहुंचे और युवक को समझा-बुझाकर नीचे उतर आने का आग्रह किया लेकिन युवक टस से मस नहीं हुआ और अपनी प्रेमिका को बुलाने की जिद पर अड़ा रहा। युवक का कहना था कि उसकी कोर्ट मैरिज जनवरी में हुई थी और लड़की के परिजनों ने हम दोनों को अलग-थलग कर दिया है। लड़की एम ए की छात्रा बताई जाती है।

मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। एंबुलेंस को भी मौके पर तलब कर लिया गया। हाई वोल्टेज ड्रामे का अंत तब हुआ जब घंटों की मशक्कत के बाद भी युवक को नीचे उतार पाने में नाकाम पुलिस ने कथित प्रेमिका को मौके पर बुलाया। युवती ने टावर पर चढ़े युवक से मोबाइल पर बात की। तब जाकर युवक नीचे आया। युवक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। लड़की के पिता ने पुलिस को लिखित तहरीर देकर अतुल कुमार पुत्र प्रमोद राघव निवासी बरौली बासुदेवपुर थाना स्याना पर अपनी पुत्री पर जबरन दबाब देकर शादी करने का आरोप लगाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपी टैक्सी ड्राइवर बताया गया जो नोएडा में रहकर टैक्सी चलाता था।

रिपोर्टर राजेंद्र अग्रवाल

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!