निर्जला एकादशी पर फर्स्टवन रिहैब फाउंडेशन के विशेष बच्चों ने बांटा जूस, लस्सी एवं जलजीरा

नोएडा :सेक्टर-70 स्थित फर्स्टवन रिहैब फाउंडेशन द्वारा निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर सेक्टर-73 स्थित महादेव अपार्टमेंट के पास जूस, लस्सी एवं जलजीरा वितरण शिविर का आयोजन किया गया। फाउंडेशन के विशेष बच्चों एवं उनके अभिभावकों ने पूरे उत्साह के साथ राहगीरों को शीतल पेय वितरित कर सेवा, सामाजिक सहभागिता एवं मानवता का संदेश दिया।फाउंडेशन के निदेशक डॉ. महिपाल सिंह ने कहा कि यह केवल पेय पदार्थ वितरण का कार्यक्रम नहीं था, बल्कि लोगों को एक-दूसरे से जोड़ने, सामाजिक संबंधों को मजबूत करने और समाज में अपनापन बढ़ाने का एक प्रयास था। उन्होंने बताया कि आज सामाजिक संबंधों की कमी के कारण मस्तिष्क की न्यूरोप्लास्टिसिटी प्रभावित हो रही है तथा डोपामिन का स्तर भी कम हो रहा है। इसके परिणामस्वरूप लोग अधिक चिड़चिड़े, तनावग्रस्त और निराश रहने लगे हैं तथा न्यूरो प्लास्टिसिटी में कमी के कारण न्यूरोलॉजिकल समस्याएं भी बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे सेवा कार्य मस्तिष्क के लिए एक ब्रेन जिम की तरह कार्य करते हैं और इस प्रकार के आयोजन केवल त्योहारों तक सीमित न रहकर समाज में नियमित रूप से होने चाहिए।

फाउंडेशन की सेंटर मैनेजर सुर्भी जैन ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना, उनका आत्मविश्वास बढ़ाना तथा समाज के साथ उनकी सहभागिता को मजबूत करना है।
कार्यक्रम के अतिथि शिव कुमार अध्यक्ष, आरडब्ल्यूए सेक्टर-122, का फाउंडेशन की ओर से विशेष बच्चों द्वारा निर्मित हैंडवॉश एवं शॉल भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में बच्चों एवं उनके अभिभावकों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। करीब 5000 लोगों को पेयजल पिलाया गया इसके बाद सभी ने सफाई की महादेव अपार्टमेंट के निवासियों ने जिसमें प्रमुख रूप से महिलाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया इस दौरान नरेश प्रधान, अवधेश राणा, हैप्पी जर्नी टूर एंड ट्रेवल्स के आशीष शर्मा, धर्मेंद्र सिंह नेगी , दिनेश पूनिया, गजेंद्र यादव आदि मौजूद रहे।






