गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में एफ आई सी एस आई के सहयोग से ‘सेल्स एसोसिएट–फूड इंडस्ट्री’ प्रशिक्षण कार्यक्रम जारी, विद्यार्थियों को मिल रहा उद्योग आधारित प्रशिक्षण

ग्रेटर नोएडा:गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय (जीबीयू) एवं फूड इंडस्ट्री काउंसिल फॉर स्किल्स एंड इनोवेशन (एफ आई सी एस आई) के संयुक्त तत्वावधान में विद्यार्थियों की रोजगार क्षमता एवं उद्योग-तत्परता को बढ़ाने के उद्देश्य से संचालित “सेल्स एसोसिएट फूड इंडस्ट्री” प्रशिक्षण कार्यक्रम वर्तमान में सफलतापूर्वक जारी है। यह कार्यक्रम उद्योग और शिक्षा जगत के बीच समन्वय स्थापित करते हुए विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुखी कौशल प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम विशेष रूप से गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के बीबीए एवं बी.कॉम. अंतिम सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए संचालित किया जा रहा है, जिससे उन्हें खाद्य उद्योग की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप व्यावहारिक ज्ञान, तकनीकी दक्षता एवं पेशेवर कौशल प्राप्त हो सकें।
स्कूल ऑफ मैनेजमेंट, गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 15 जून 2026 से 15 जुलाई 2026 तक संचालित किया जा रहा है। प्रत्येक बैच में 20 से 25 विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित की गई है। कार्यक्रम के अंतर्गत 30 कार्य दिवसों में कुल 200 घंटे का गहन प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को सेल्स एवं ग्राहक सहभागिता, मार्केटिंग की मूलभूत अवधारणाएं, प्रभावी संचार कौशल, प्रस्तुतीकरण एवं पेशेवर विकास, फूड इंडस्ट्री का परिचय तथा उद्योग अभिमुखीकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह प्रशिक्षण स्किल इंडिया एवं राष्ट्रीय कौशल विकास निगम द्वारा प्रमाणित प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के सफलतापूर्वक पूर्ण होने के बाद विद्यार्थियों को खाद्य एवं एफएमसीजी क्षेत्र की अग्रणी कंपनियों जैसे टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट लिमिटेड, नेस्ले इंडिया तथा आईटीसी लिमिटेड में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह ने कहा कि यह कार्यक्रम उद्योग एवं शिक्षा जगत के बीच सहयोग का एक उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहलें विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुखी कौशल प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें उद्योग की वास्तविक आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
पुष्पिता राणा, सीनियर मैनेजर, एफ आई सी एस आई ने कहा कि संरचित प्रशिक्षण, नियमित मूल्यांकन, अतिथि व्याख्यान, मार्केट विजिट तथा प्लेसमेंट सहायता के माध्यम से यह कार्यक्रम खाद्य उद्योग के लिए कुशल एवं प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करने में सहायक सिद्ध होगा।
वहीं, डॉ. इंदु उप्रेती, डीन, स्कूल ऑफ मैनेजमेंट, गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय ने कहा कि यह सहयोग विश्वविद्यालय और उद्योग जगत के बीच मजबूत संबंध स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को व्यावहारिक कौशल, उद्योग अनुभव तथा बेहतर रोजगार अवसर उपलब्ध हो रहे हैं।
गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय द्वारा संचालित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों को उद्योग की वास्तविक आवश्यकताओं से जोड़ते हुए उन्हें आत्मनिर्भर एवं रोजगारोन्मुखी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में उभर रहा है।






