दनकौर

श्री द्रोणाचार्य (पी.जी.) महाविद्यालय में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर पोस्टर प्रतियोगिता का हुआ आयोजन

दनकौर:श्री द्रोणाचार्य (पी.जी.) महाविद्यालय, दनकौर के मनोविज्ञान विभाग द्वारा विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के सचिव रजनीकान्त अग्रवाल, प्राचार्य डॉ0 गिरीश कुमार वत्स द्वारा माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। प्रतियोगिता मुख्यतः ‘‘मानसिक स्वास्थ्य: जागरूकता, समझ और सकारात्मक जीवन’’ विषय पर सम्पन्न करायी गई। प्रतियोगिता में मनोविज्ञान विभाग के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। विद्यार्थियों ने अपने पोस्टरों के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं की समझ, भावनात्मक कल्याण, सकारात्मक जीवन शैली जैसे महत्वपूर्ण विषयों को अत्यंत रचनात्मक और प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। कई पोस्टरों पर ‘‘स्वस्थ मन, सुखी जीवन’’ तथा ‘‘बेहतर मानसिक स्वास्थ्य, उज्ज्वल भविष्य’’ जैसे प्रेरणादायक संदेश लिखे गए, जिन्होंने सभी का ध्यान आकर्षित किया।

सचिव  रजनीकान्त अग्रवाल जी ने मनोविज्ञान विभाग के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि महाविद्यालय सदैव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं जागरूकता के लिए ऐसे कार्यक्रमों को प्रोत्साहन देता रहेगा।

प्राचार्य डॉ0 गिरीश कुमार वत्स ने अपने उद्बोधन में कहा कि ‘‘आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में मानसिक स्वास्थ्य सबसे बड़ी चुनौती बन गया है। इस प्रकार के आयोजनों से विद्यार्थियों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति समझ, संवेदनशीलता और सकारात्मक सोच विकसित होती है। स्वस्थ मन ही सफल और सुखी जीवन की आधारशिला है।’’

कार्यक्रम की संयोजिका एवं मनोविज्ञान विभाग प्रभारी श्रीमती प्रीति शर्मा ने बताया कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, अपितु विद्यार्थियों में तनाव प्रबंधन, आत्म-जागरूकता, आत्म-विश्वास और सकारात्मक जीवन दृष्टिकोण विकसित करना है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों की रचनात्मकता और उत्साह की प्रशंसा की। साथ ही निर्णायक मण्डल में क्रमशः डॉ0 राजीव उर्फ पिण्टू (विभागाध्यक्ष कला विभाग), श्री अमित नागर (विभागाध्यक्ष विज्ञान विभाग), डॉ0 प्रीति रानी सैन (विभागाध्यक्ष वाणिज्य विभाग) द्वारा प्रथम स्थान- माही प्रथम सेमेस्टर, द्वितीय स्थान-खुशी गौतम तृतीय सेमेस्टर, तृतीय स्थान- मिका तृतीय सेमेस्टर एवं सांत्वना पुरूस्कार-कशिश तृतीय सेमेस्टर, मौनी शर्मा तृतीय सेमेस्टर को प्रदान किये गये। प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल द्वारा रचनात्मकता, विषय की स्पष्टता, संदेश की प्रभावशीलता और कलात्मक प्रस्तुति के आधार पर प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान के साथ-साथ दो सांत्वना पुरस्कारों का चयन किया गया। सभी विजेताओं को उत्कृष्टता प्रमाण-पत्र तथा सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। कार्यक्रम के अंत में उप-प्राचार्या डॉ0 रश्मि गुप्ता ने सभी अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक/प्राध्यापिका एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राऐं क्रमश:  रिषिता, अल्पना नागर, सना, सुमित्रा, पारूल भाटी, ज्योति, मनीषा, सेजल भाटी, हर्षवर्धन, अरूण, अंकुर, हर्ष उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!