गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में ‘लोकतंत्र एवं नागरिक सहभागिता’ विषय पर कार्यशाला आयोजित
लोकतंत्र को सशक्त बनाने में सक्रिय नागरिक सहभागिता की भूमिका महत्वपूर्ण- प्रो. माधव गोविंद

ग्रेटर नोएडा:गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के समाजशास्त्र एवं समाज कार्य विभाग तथा जीबीयू एनएसएस इकाई–3 के संयुक्त तत्वावधान में विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक चेतना एवं नागरिक जिम्मेदारी विकसित करने के उद्देश्य से ‘लोकतंत्र एवं नागरिक सहभागिता’ विषय पर विशेष कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला का स्वागत संबोधन करते हुए प्रो. माधव गोविंद, डीन, स्कूल ऑफ ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंसेज ने कहा कि लोकतंत्र केवल मतदान तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों की निरंतर सहभागिता, संवाद और उत्तरदायित्व पर आधारित व्यवस्था है। उन्होंने विद्यार्थियों को सामुदायिक समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर प्रो. उत्तम कुमार, डिप्टी रजिस्ट्रार, जीबीयू ने लोकतंत्र में नागरिकों की भूमिका, सार्वजनिक संस्थाओं की जवाबदेही तथा लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के प्रभावी उपयोग पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं से सार्वजनिक हित के मुद्दों पर जिम्मेदारीपूर्वक सहभागिता करने का आह्वान किया।
कार्यशाला का संचालन फोर सेंटर फॉर पॉलिटिकल लीडरशिप एंड गवर्नेंस के असिस्टेंट जनरल मैनेजर श्री अंकित झा एवं प्रोग्राम मैनेजर श्री सूर्यांश पाल ने किया। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को शासन के व्यावहारिक उपकरणों, नागरिक सहभागिता, सार्वजनिक संस्थाओं के साथ संवाद तथा सूचना का अधिकार के उपयोग संबंधी जानकारी दी। गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को सामुदायिक समस्याओं की पहचान एवं उनके समाधान की प्रक्रियाओं से भी परिचित कराया गया।
कार्यशाला में समाजशास्त्र एवं समाज कार्य विभाग के विद्यार्थियों, एनएसएस स्वयंसेवकों और संकाय सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता की। कार्यक्रम के कन्वीनर डॉ. राहुल कपूर, असिस्टेंट प्रोफेसर, समाजशास्त्र एवं समाज कार्य विभाग तथा प्रोग्राम ऑफिसर, जीबीयू एनएसएस इकाई–3 रहे।
कार्यशाला ने विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं, नागरिक अधिकारों और सामुदायिक सहभागिता की व्यावहारिक समझ प्रदान करने के साथ उन्हें जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।






