एच पी गैस गोदाम पर सैंकड़ों उपभोक्ताओं ने किया जमकर हंगामा
सूचना पर पहुंची पुलिस ने अपनी देखरेख में गैस वितरण कराया

औरंगाबाद (बुलंदशहर )कस्बे की एकमात्र घरेलू गैस एजेंसी प्रिंस एच पी गैस एजेंसी के ख्वाजपुर रोड़ स्थित गोदाम पर गुरुवार को गैस लेने पहुंचे सैकड़ों उपभोक्ताओं ने गैस गोदाम पर गैस लेने की आपाधापी में जमकर हंगामा काटा। सैंकड़ों उपभोक्ताओं को देख गोदाम कर्मचारियों के हाथ-पैर फूल गए। हंगामे के बीच आनन फानन में पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने अपनी देखरेख में गैस सिलेंडरों का वितरण कराया।

हालिया अंतर्राष्ट्रीय इराक ईरान इजरायल अमेरिका के बीच युद्ध की विस्फोटक स्थिति के चलते उपभोक्ताओं को घरेलू गैस संकट के आसार नजर आ रहे हैं। एजेंसी हाकरों के गैर जिम्मेदाराना व्यवहार के चलते स्थिति और भी ज्यादा नाज़ुक बनी हुई है। दो तीन दिनों के अंतराल पर गैस गाड़ी गोदाम पर आने की सूचना पर सैंकड़ों उपभोक्ता गैस लेने गुरुवार को गोदाम पर जा पहुंचे। सैंकड़ों लोगों को गोदाम पर जमा होते देख गैस कर्मचारियों के हाथ पैर फूल गए। प्रशासन के आदेश शत् प्रतिशत होम डिलीवरी किये जाने के हैं। जहां उपभोक्ता गैस गोदाम से ही गैस सिलेंडर देने की मांग कर रहे थे वहीं गोदाम पर मौजूद कर्मचारियों ने होम डिलीवरी किये जाने की बात कही। जिसपर हंगामा शुरू हो गया। कर्मचारियों ने स्थिति विस्फोटक होते देख पुलिस को सूचना दी।उप निरीक्षक जीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। और उपभोक्ताओं को गैस वितरण कराया। गैस वितरण पुलिस की मौजूदगी में संपन्न हुआ जिसके चलते कर्मचारियों ने राहत की सांस ली।
रिपोर्टर- राजेन्द्र अग्रवाल






