विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों का शंखनाद, संगठन की विजय के लिए बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने का आह्वान

ग्रेटर नोएडा: भारतीय जनता पार्टी, ग्रेटर नोएडा मंडल की नवंबर माह की मासिक संगठनात्मक बैठक रविवार को स्वर्ण नगरी स्थित मंडल कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक में मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष श्री अभिषेक शर्मा जी, विशिष्ट अतिथि दादरी विधानसभा प्रभारी श्री गोपाल अग्रवाल जी एवं जिला महामंत्री श्री धर्मेंद्र कोरी जी ने सहभागिता की। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष श्री अर्पित तिवारी जी ने की।
बैठक में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर संगठनात्मक सक्रियता का शंखनाद करते हुए आगामी राजनीतिक चुनौतियों, संगठन की भावी कार्ययोजना तथा बूथ स्तर पर सांगठनिक सुदृढ़ीकरण के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि आगामी विधानसभा चुनाव की दृष्टि से संगठन की प्रत्येक इकाई को अभी से पूर्ण सक्रियता, अनुशासन और समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा।
मुख्य अतिथि एवं भाजपा जिलाध्यक्ष श्री अभिषेक शर्मा जी ने अपने संबोधन में बूथ अध्यक्षों, शक्ति केंद्र संयोजकों, मंडल के प्रभारी पदाधिकारियों तथा मंडल क्षेत्र में निवास करने वाले वरिष्ठ एवं अनुभवी कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक दायित्वों के प्रति विशेष सजगता बरतने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों का बिगुल बज चुका है। अतः प्रत्येक कार्यकर्ता को अभी से लक्ष्यबद्ध होकर दिन-रात परिश्रम करना होगा। संगठन की वास्तविक शक्ति उसका समर्पित कार्यकर्ता, सशक्त बूथ संरचना और जनसामान्य से सतत संपर्क है। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सामूहिक प्रयास, अटूट प्रतिबद्धता और सतत जनसंपर्क की आवश्यकता पर बल दिया।
दादरी विधानसभा प्रभारी श्री गोपाल अग्रवाल जी एवं जिला महामंत्री श्री धर्मेंद्र कोरी जी ने भी संगठनात्मक गतिविधियों को अधिक गतिशील एवं प्रभावी बनाने, बूथ समितियों को सक्रिय रखने तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने पर बल दिया।
मंडल अध्यक्ष श्री अर्पित तिवारी जी ने सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रेटर नोएडा मंडल संगठन की अपेक्षाओं के अनुरूप पूर्ण निष्ठा, समर्पण और अनुशासन के साथ कार्य करेगा। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत प्रत्येक बूथ को संगठन की सशक्त आधारशिला बनाने तथा सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के बीच निरंतर संवाद और समन्वय बनाए रखने का संकल्प व्यक्त किया।
बैठक में संगठनात्मक एकजुटता, कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता और आगामी चुनाव की तैयारियों को लेकर उत्साहपूर्ण वातावरण रहा। बैठक का समापन संगठन के प्रति समर्पण, सामूहिक उत्तरदायित्व एवं निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के संकल्प के साथ हुआ।
इस अवसर पर मंडल महामंत्री श्री रवि श्रीवास्तव जी सहित मंडल के पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष, शक्ति केंद्र संयोजक, वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं अन्य संगठनात्मक दायित्वों का निर्वहन कर रहे कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रिपोर्टर-भगवत प्रसाद शर्मा






