बुलन्दशहर

भाजपा नेता पर गुंडा एक्ट कार्रवाई मामले ने पकड़ा तूल ,वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने दो मुंशी किये सस्पेंड 

भाजपा नेताओं ने जताया आक्रोश 

औरंगाबाद( बुलंदशहर)भाजपा नेता राजू लोधी पर पुलिस की गुंडा एक्ट कार्रवाई मामले ने तूल पकड़ लिया है। जहां एक ओर विधायक स्याना देवेंद्र सिंह लोधी भाजपा जिलाध्यक्ष विकास चौहान दीपक दुल्हैरा आदि नेताओं ने कार्रवाई की भर्त्सना करते हुए मामला योगी दरबार तक पहुंचाने का ऐलान किया वहीं दूसरी ओर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने मामले का संज्ञान लेते हुए औरंगाबाद थाने पर तैनात दो मुंशियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। लोधी महासभा ने गुंडा एक्ट कारवाई वापस लिये जाने की मांग करते हुए महापंचायत बुलाये जाने का ऐलान किया है।

पूर्व चेयरमैन राजकुमार लोधी उर्फ राजू लोधी जिन्हें प्रदेश सरकार द्वारा हाल ही में नगरपंचायत औरंगाबाद में मनोनीत सभासद बनाया गया था, के खिलाफ पुलिस द्वारा की गई गुंडा एक्ट कार्रवाई के खिलाफ भाजपा नेताओं ने मोर्चा खोल दिया है। भाजपा जिला मंत्री दीपक दुल्हैरा ने शुक्रवार सायं राजू लोधी के आवास पर पहुंचकर ना केवल पुलिसिया कार्रवाई का विरोध जताया बल्कि हर मोर्चे पर राजू लोधी का साथ देने का भरोसा दिलाया। स्याना विधायक देवेंद्र सिंह लोधी ने तो आक्रोश जताते हुए यहां तक ऐलान किया कि यदि कार्रवाई वापस नहीं ली जाती है तो मामला न्याय हेतु योगी आदित्यनाथ जी के संज्ञान में लाया जायेगा।

भाजपा जिलाध्यक्ष विकास चौहान सहित अन्य बड़े नेताओं ने भी कार्रवाई की भर्त्सना करते हुए राजू लोधी के खिलाफ कार्रवाई को वापस लिए जाने की बात कही।

पूर्व चेयरमैन राजकुमार लोधी पर हुई गुंडा एक्ट कार्रवाई को वापस लिए जाने की मांग करते हुए आक्रोशित लोधी समाज ने महा पंचायत बुलाई जाने का भी ऐलान कर दिया है।

विदित हो कि राजू लोधी को राष्ट्रीय सचिव व सांसद डॉ भोला सिंह का करीबी माना जाता है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने मामले पर संज्ञान लेते हुए थाना औरंगाबाद पर तैनात मुंशी जौनी और विवेक शर्मा को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है।

थाना प्रभारी मनोज कुमार ने दोनों मुंशियों को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा सस्पेंड कर दिये जाने की पुष्टि की है।

रिपोर्टर राजेंद्र अग्रवाल

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!