ग्रेटर नोएडा

संजय भाऊ राठौर ने युवाओं से सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने का किया आह्वान

ग्रेटर नोएडा: गौतम बुद्ध यूनिवर्सिटी, ग्रेटर नोएडा में आयोजित बंजारा युवा जागरूकता सम्मेलन में देशभर से बड़ी संख्या में बंजारा समाज के युवा, सामाजिक कार्यकर्ता एवं समाज के गणमान्य लोग शामिल हुए। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य बंजारा समाज को संगठित करने के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण, सामाजिक न्याय, नशा मुक्ति, शिक्षा, रोजगार, राष्ट्र निर्माण तथा समाज की संस्कृति और गौरवशाली विरासत के संरक्षण के प्रति समाज को जागरूक और प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महाराष्ट्र सरकार के कैबिनेट मंत्री माननीय श्री संजय भाऊ राठौर ने समाज के युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी समाज की प्रगति के लिए शिक्षा, संगठन और जागरूकता सबसे महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने बंजारा समाज के युवाओं से सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने तथा समाज के विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति को सकारात्मक दिशा देकर ही समाज को विकास की मुख्यधारा से और मजबूती से जोड़ा जा सकता है।

कार्यक्रम में हरियाणा घुमंतू बोर्ड के अध्यक्ष श्री जसमेर सिंह बंजारा ने बंजारा समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और परंपराओं पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज की नई पीढ़ी को अपनी ऐतिहासिक विरासत और सांस्कृतिक पहचान से जोड़ना बेहद आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से अपनी संस्कृति और परंपराओं को समझने तथा आने वाली पीढ़ियों तक इसे पहुंचाने की अपील की।

वहीं श्री महाराज जी धर्माधिकारी ने समाज को संगठित करने की आवश्यकता पर अपने विचार रखते हुए कहा कि सामाजिक एकता और संगठन ही समाज की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने समाज के लोगों से आपसी मतभेदों को दूर कर एकजुट होकर शिक्षा, रोजगार और सामाजिक विकास के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

राजस्थान के राज्य मंत्री श्री राजेंद्र नायक जी ने भी सम्मेलन को संबोधित करते हुए राष्ट्र निर्माण में समाज की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज के युवाओं को शिक्षा और रोजगार के अवसरों का लाभ उठाकर राष्ट्र की प्रगति में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए।

सम्मेलन के दौरान महिला सशक्तिकरण, सामाजिक न्याय, नशा मुक्ति, शिक्षा, रोजगार और युवाओं के सही मार्गदर्शन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि समाज के सर्वांगीण विकास के लिए महिलाओं को समान अवसर देना, युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

कार्यक्रम में प्रोग्राम संयोजक अवनेश नायक एवं सह-संयोजक अर्जुन सिंह बंजारा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजकों ने कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य केवल एक कार्यक्रम तक सीमित नहीं है, बल्कि राष्ट्रीय विचारधारा के साथ मिलकर बंजारा समाज को राष्ट्र निर्माण, एवं राष्ट्र सुरक्षा हेतु सकारात्मक परिवर्तन की एक नई शुरुआत करना है।

इस अवसर पर आर एल नायक जी ओमप्रकाश बंजारा ताराचंद नायक, सुजीत बंजारा, अमित बंजारा, सुधीर बंजारा, संजय बंजारा, चंद्र नायक, संजीव नायक, राकेश नायक, राहुल नायक, राजेंद्र नायक, किशोरी लाल नायक, परवीन बंजारा सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता एवं समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सम्मेलन में देश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे हजारों सामाजिक कार्यकर्ताओं और युवाओं ने भाग लेकर समाज की एकता और विकास के लिए सामूहिक रूप से आगे बढ़ने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने कहा कि “शिक्षित युवा, जागरूक समाज — यही है बंजारा समाज की नई पहचान।” सम्मेलन ने समाज के युवाओं में नई ऊर्जा और जागरूकता का संचार करते हुए शिक्षा, संगठन और सामाजिक उत्थान की दिशा में एक मजबूत संदेश दिया।

रिपोर्टर घनश्याम पाल

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!