गुरु पूर्णिमा पर नवप्रवेशित शिशुओं का हुआ विद्यारंभ संस्कार

बुलंदशहर: विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान द्वारा संचालित विवेकानंद सरस्वती शिशु/विद्या मंदिर, डी.एम. रोड, बुलंदशहर में गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर नवप्रवेशित शिशुओं का विद्यारंभ संस्कार श्रद्धा, भक्ति एवं भारतीय परंपरा के अनुरूप संपन्न कराया गया।
कार्यक्रम में शिशु वाटिका के नवप्रवेशित शिशुओं एवं उनकी माताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूजन के साथ बच्चों के शैक्षिक जीवन का शुभारंभ कराया गया। इस अवसर पर गुरु के महत्व एवं भारतीय संस्कृति में संस्कारों की भूमिका पर प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम का संयोजन शिशु वाटिका प्रमुख श्रीमती बबीता ने किया। संचालन एवं व्यवस्था में श्रीमती प्रियंका एवं श्रीमती बॉबी का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुरेश ने की।
मुख्य वक्ता श्रीमती प्रियंका ने अपने उद्बोधन में गुरु पूर्णिमा तथा विद्यारंभ संस्कार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संस्कारयुक्त शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। अध्यक्षीय उद्बोधन में श्री सुरेश ने माताओं से बच्चों में नैतिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों के विकास पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य राजकुमार वर्मा ने सभी अतिथियों, माताओं एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्या भारती की शिक्षा पद्धति भारतीय संस्कृति, राष्ट्रभावना एवं उत्कृष्ट शिक्षा के समन्वय का सशक्त माध्यम है। कार्यक्रम का समापन कल्याण मंत्र के सामूहिक उच्चारण के साथ हुआ।
संजय गोयल सह संपादक ग्लोबल न्यूज 24×7,रिपोर्टर नितिन सोनी






