महबूब कोल्ड स्टोरेज पर कब्जे की नीयत से बड़े भाई ने दोनों छोटे भाइयों को फर्जीवाड़ा कर डायरेक्टर पद से किया बेदखल
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश पर पुलिस ने एकाउंटेंट सहित बड़े भाई पर फर्जी वाडा करने का मुकदमा किया दर्ज

औरंगाबाद (बुलंदशहर )महबूब कोल्ड स्टोरेज के एक डायरैक्टर ने अपनी पत्नी और एकाउंट से मिलकर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर अपने दो सगे भाइयों को डायरेक्टर्स पद से बेदखल कर दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश पर पुलिस ने महबूब कोल्ड स्टोरेज के डायरेक्टर,उसकी पत्नी, और एक एकाउंटेंट के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
कस्बे के नामचीन महबूब कोल्ड स्टोरेज के डायरेक्टर सैयद मौहम्मद नदीम ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर अवगत कराया कि वह और उसके दो अन्य भाई सैयद मौहम्मद कफ़ील व सैयद मौहम्मद जावेद महबूब कोल्ड स्टोरेज में बराबर के हिस्सेदार और डायरेक्टर हैं। समस्त कागजात बड़े भाई कफिल देखते आ रहे थे। उन्होने एकाउंट से मिलकर बदनीयती से अपने और अपनी पत्नी नूरफात्मा के नाम अधिक शेयर ट्रांसफर करा लिए जिसके चलते अब वह उक्त कोल्ड स्टोरेज में 23 प्रतिशत व उसके भाई जावेद 24 प्रतिशत शेयरों के मालिक रह गए।
पत्र में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को यह भी अवगत कराया गया है कि उनके भाई कफिल ने अपनी पत्नी नूरफात्मा के साथ मिलकर उनके और उनके भाई जावेद के जाली इस्तीफे तैयार कराकर फर्जी मीटिंग के जरिए उन्हें और उनके भाई को डायरेक्टर पद से हटा दिया है। आरोप लगाया गया है कि ऐसा कोल्ड स्टोरेज को बदनीयती से हड़पने की गरज से किया गया है। इस गैरकानूनी काम में एकाउंट की संलिप्तता है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश पर पुलिस ने सैयद मौहम्मद कफिल, उनकी पत्नी नूरफात्मा तथा एकाउंट ऋषभ गोयल निवासी देवीपुरा बुलंदशहर के खिलाफ धारा 318 (4),338,336(3),340(2) के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।
रिपोर्टर राजेंद्र अग्रवाल







