रंगमंच पर टैलेंट शो और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

दनकौर :दनकौर स्थित श्री द्रोणाचार्य मंदिर परिसर में चल रहे 103वें वार्षिक श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मेले में मंगलवार रात रंगमंच पर विभिन्न मनोरंजक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे और कलाकारों की प्रस्तुतियों का आनंद लिया।
रात आठ बजे से आयोजित कार्यक्रम में टैलेंट शो, मलखंभ एक्ट, मिरर एक्ट, एलईडी एक्ट, स्पेशल इफेक्ट और मैजिशियन शो ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। इसके साथ ही कलाकारों ने मनमोहक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुतियां देकर वातावरण को उत्साह और उमंग से भर दिया। रंग-बिरंगी रोशनी और विशेष प्रभावों के बीच कलाकारों की प्रस्तुतियां दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं।
मलखंभ एक्ट में कलाकारों ने हैरतअंगेज करतब दिखाकर दर्शकों को रोमांचित किया। वहीं मिरर एवं एलईडी एक्ट में आकर्षक प्रस्तुति ने खूब तालियां बटोरीं। मैजिशियन के जादुई करतब देखकर दर्शक भी आश्चर्यचकित नजर आए। सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं।
श्री द्रोणाचार्य मंदिर परिसर में आयोजित श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मेले में धार्मिक आयोजनों के साथ प्रतिदिन रंगमंच पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जा रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान मेला समिति के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु और दर्शक मौजूद रहे।






