लैक्सिकन डे के अवसर पर श्री द्रोणाचार्य पी.जी. कॉलेज में डॉ. सैमुअल जॉनसन की 317वीं जयंती पर विशेष कार्यक्रम आयोजित

दनकौर:श्री द्रोणाचार्य पी.जी. कॉलेज, दनकौर, गौतम बुद्ध नगर के अंग्रेजी विभाग में महान अंग्रेजी कोशकार डॉ. सैमुअल जॉनसन की 317वीं जयंती के अवसर पर लैक्सिकन डे (Lexicon Day) का आयोजन हर्षोल्लास एवं शैक्षिक उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में अंग्रेजी विभाग के छात्र-छात्राओं द्वारा सामूहिक रूप से केक काटकर इस महत्वपूर्ण दिवस का उत्सव मनाया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य, उपप्राचार्य, सभी विभागों के विभागाध्यक्ष एवं सम्मानित आचार्यगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. गिरीश कुमार वत्स, उपप्राचार्य डॉ. रश्मि गुप्ता, अंग्रेजी विभाग से डॉ. प्रशांत कनौजिया एवं डॉ. अजमत आरा ने लैक्सिकन डे के महत्व पर व्याख्यान प्रस्तुत किए। वक्ताओं ने अंग्रेजी भाषा के विकास, शब्दकोश निर्माण तथा भाषायी अध्ययन में कोशविज्ञान (Lexicography) की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।
अपने व्याख्यान में डॉ. प्रशांत कनौजिया ने बताया कि Lexicography शब्दकोशों के निर्माण, संपादन और अध्ययन से संबंधित एक महत्वपूर्ण भाषावैज्ञानिक क्षेत्र है। उन्होंने शब्दकोश की संरचना, शब्दों के अर्थ, उच्चारण, व्युत्पत्ति (Etymology), वर्तनी, व्याकरणिक श्रेणी तथा उदाहरणों के व्यवस्थित प्रस्तुतीकरण की बारीकियों को सरल भाषा में समझाया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शब्दकोश केवल शब्दों के अर्थ बताने का माध्यम नहीं, बल्कि भाषा के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक विकास का महत्वपूर्ण दस्तावेज होता है।
डॉ. अजमत आरा ने विद्यार्थियों को शब्द-संपदा के विस्तार, नियमित शब्दकोश अध्ययन और अंग्रेजी भाषा के प्रभावी प्रयोग के लिए प्रेरित किया। प्राचार्य डॉ. गिरीश कुमार वत्स एवं उपप्राचार्य डॉ. रश्मि गुप्ता ने भाषा-अध्ययन में ऐसे शैक्षिक आयोजनों की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में भाषायी जागरूकता, शब्दावली विकास एवं अंग्रेजी भाषा के प्रति रुचि को बढ़ावा दिया।






