एसडी कन्या इंटर कॉलेज में प्रतियोगिता के विजेता छात्राओं को किया पुरस्कृत

बिलासपुर: एसडी कन्या इंटर कॉलेज में छात्राओं की प्रतिभा को निखारने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कक्षा नौवीं से 12वीं तक की करीब 200 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता का आयोजन 31 अगस्त 2026 को किया गया था।
प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपनी प्रतिभा और रचनात्मक क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के परिणाम घोषित होने के बाद विजेता छात्राओं को समारोह आयोजित कर पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मनीषा अत्री, जिला रोजगार अधिकारी, गौतमबुद्धनगर तथा नगर पंचायत अध्यक्षा प्रतिनिधि संजय भैया मौजूद रहे। अतिथियों ने विजेता छात्राओं को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता में कक्षा 10वीं की छात्रा निहारिका ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्हें पुरस्कार स्वरूप 5,100 रुपये की धनराशि, ट्रॉफी और प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। वहीं कक्षा 12वीं की छात्रा खुशी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। उन्हें 3,100 रुपये, ट्रॉफी और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। कक्षा 12वीं की छात्रा अवंतिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जिन्हें 1,100 रुपये, ट्रॉफी और प्रमाणपत्र प्रदान किया गया।
मुख्य अतिथि मनीषा अत्री ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के अंदर छिपी प्रतिभा को सामने लाने का बेहतर माध्यम हैं। छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। उन्होंने विजेता छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
नगर पंचायत अध्यक्षा प्रतिनिधि संजय भैया ने भी छात्राओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि मेहनत और लगन से विद्यार्थी किसी भी क्षेत्र में सफलता हासिल कर सकते हैं। उन्होंने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाली सभी छात्राओं को भी बधाई दी।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के अध्यक्ष यश कुमार, कार्यवाहक प्रधानाचार्य प्रतीक्षा शर्मा, आरती शर्मा, अजय रानी, कीर्ति अग्रवाल और नीतू सिंह सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं का सहयोग रहा। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि छात्राओं को भविष्य में भी इस तरह के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे उनका सर्वांगीण विकास हो सके।
रिपोर्टर घनश्याम पाल






