ग्रेटर नोएडा

रामाज्ञा स्कूल के वार्षिकोत्सव में बच्चों ने बिखेरी प्रतिभा की छटा

नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दिया प्रदूषण मुक्त दीपावली मनाने का संदेश, प्रतिभागी बच्चों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को किया सम्मानित

ग्रेटर नोएडा: रामाज्ञा स्कूल, ग्रेटर नोएडा में वार्षिक उत्सव एवं ‘उमंग दिवाली मेला-2026’ बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में चौधरी प्रवीण भारतीय, संस्थापक करप्शन फ्री इंडिया संगठन एवं आलोक नागर, संस्थापक सदस्य करप्शन फ्री इंडिया संगठन उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

प्रधानाचार्या श्रेष्ठता त्रिपाठी ने बताया कि कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा, जिसके माध्यम से पटाखे न जलाने और पर्यावरण संरक्षण के साथ प्रदूषण मुक्त दीपावली मनाने का संदेश दिया गया। मेले में खानपान, खेलकूद एवं खरीदारी के आकर्षक स्टॉल भी लगाए गए, जिनका अभिभावकों और बच्चों ने भरपूर आनंद लिया।

चौधरी प्रवीण भारतीय ने कहा कि बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए ऐसे मंच मिलना बेहद जरूरी है। स्कूल द्वारा शिक्षा के साथ संस्कार और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना अत्यंत सराहनीय है।

आलोक नागर ने कहा कि बच्चों की शानदार प्रस्तुतियां स्कूल की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर संस्कार और शिक्षकों की मेहनत को दर्शाती हैं। विशेष रूप से पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने वाला नुक्कड़ नाटक सराहनीय रहा। बच्चों के साथ-साथ शिक्षकों और अभिभावकों को सम्मानित करना उनके उत्साह और मनोबल को बढ़ाने का सराहनीय प्रयास है।

प्रधानाचार्या श्रेष्ठता त्रिपाठी ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं शिक्षकगण का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आयोजन का उद्देश्य बच्चों की प्रतिभा को मंच प्रदान करना तथा उनमें आत्मविश्वास, रचनात्मकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।

अंत में अतिथियों ने प्रधानाचार्या श्रेष्ठा त्रिपाठी एवं समस्त शिक्षक स्टाफ को शानदार आयोजन तथा सभी प्रतिभागियों को सम्मानित करने की पहल के लिए बधाई दी। इस अवसर पर स्कूल के समस्त शिक्षकगण, स्टाफ एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!