ग्रेटर नोएडा

मिशन शक्ति 6.0 : महिला सुरक्षा, साइबर जागरूकता एवं यातायात अनुशासन पर हुआ जन-जागरूकता कार्यक्रम

नारी सुरक्षा एवं सम्मान समाज की सामूहिक जिम्मेदारी - मनीषा सिंह

ग्रेटर नोएडा: पुलिस कमिश्नरेट गौतम बुद्ध नगर एवं जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA), गौतम बुद्ध नगर तथा एनआईईटी, ग्रेटर नोएडा के संयुक्त तत्त्वावधान में ‘मिशन शक्ति 6.0’ के अंतर्गत महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव एवं यातायात जागरूकता विषयक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों, शिक्षाविदों, उद्यमियों एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता एडीसीपी (महिला सुरक्षा एवं यातायात) श्रीमती मनीषा सिंह, आईपीएस ने महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम, डिजिटल सतर्कता एवं यातायात नियमों के अनुपालन पर महत्त्वपूर्ण जानकारी देते हुए कहा कि जागरूकता और सतर्कता ही सुरक्षित समाज की आधारशिला हैं।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीमती प्रेरणा सिंह, आईएएस ने विद्यार्थियों एवं महिलाओं को शिक्षा, आत्मविश्वास, अनुशासन और परिश्रम के बल पर जीवन में उत्कृष्ट लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण एवं लोकसेवा में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

आईबीए अध्यक्ष श्री अमित कुमार उपाध्याय ने कहा कि महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन केवल शासन-प्रशासन का नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने औद्योगिक प्रतिष्ठानों में महिलाओं के लिए सुरक्षित एवं सम्मानजनक कार्यपरिवेश सुनिश्चित करने पर बल दिया। वहीं एनआईईटी की अतिरिक्त प्रबंध निदेशक श्रीमती नीमा अग्रवाल ने विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, सामाजिक संवेदनशीलता एवं नागरिक उत्तरदायित्व विकसित करने को शिक्षण संस्थानों का महत्त्वपूर्ण दायित्व बताया।

इससे पूर्व एनआईईटी के निदेशक डॉ. विनोद कुमार ने अतिथियों का स्वागत करते हुए सामाजिक जागरूकता में शिक्षण संस्थानों की भूमिका रेखांकित की। कार्यक्रम में आईबीए एवं एनआईईटी के पदाधिकारी, संकाय सदस्य, उद्यमी, मीडिया प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

अंत में एनआईईटी के एसोसिएट डायरेक्टर डॉ. नरेश कुमार ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन महिला सम्मान एवं सुरक्षा, साइबर सतर्कता तथा यातायात नियमों के पालन की सामूहिक शपथ के साथ हुआ।

रिपोर्टर भागवत प्रसाद शर्मा

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!