ग्रेटर नोएडा

जलभराव, जलनिकासी, सीवर, सड़क, जलापूर्ति और जल बिलों की समस्याओं के समाधान की मांग

औद्योगिक क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाएं पहली प्राथमिकता: आईबीए प्रतिनिधिमंडल ने विधायक तेजपाल नागर से की विस्तृत चर्चा

गौतम बुद्ध नगर: औद्योगिक विकास, उद्यमियों की मूलभूत समस्याओं के समाधान तथा औद्योगिक क्षेत्रों को विश्वस्तरीय सुविधाओं से युक्त बनाने के उद्देश्य से इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (आईबीए), गौतम बुद्ध नगर के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार सायंकाल दादरी विधानसभा के लोकप्रिय विधायक माननीय श्री तेजपाल नागर जी से उनके ईटा-1, ग्रेटर नोएडा स्थित आवास-कार्यालय पर शिष्टाचार भेंट कर विस्तृत चर्चा की।

प्रतिनिधिमंडल ने विधायक जी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता से प्राथमिकता देना तथा ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करना सराहनीय है। इससे उद्यमियों में विश्वास बढ़ा है और वर्षों से लंबित समस्याओं के समाधान की उम्मीद जगी है।

बैठक में आईबीए ने स्पष्ट किया कि औद्योगिक क्षेत्रों की वर्तमान प्राथमिकता थीम पार्क, सड़क चौड़ीकरण अथवा छह लेन सड़कें नहीं, बल्कि मूलभूत सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण है। जब तक उद्योग क्षेत्र जलभराव, जर्जर जलनिकासी, खराब सीवर व्यवस्था, टूटी सड़कों, अपर्याप्त पथप्रकाश, अव्यवस्थित उद्यान व्यवस्था, स्वच्छता की कमी और सुरक्षा संबंधी चुनौतियों से जूझते रहेंगे, तब तक वास्तविक औद्योगिक विकास संभव नहीं है।

प्रतिनिधिमंडल ने अनेक औद्योगिक क्षेत्रों में नियमित जलापूर्ति के अभाव के बावजूद लाखों रुपये के जल बिल जारी किए जाने का मुद्दा उठाया। इस समस्या के न्यायसंगत एवं स्थायी समाधान के साथ पूर्णता प्रमाण-पत्र, कार्यशीलता प्रमाण-पत्र तथा अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाने और प्रभावी एकल-खिड़की व्यवस्था लागू करने की मांग की गई।

माननीय विधायक श्री तेजपाल नागर जी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के ‘विकसित भारत’ एवं ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प तथा मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के औद्योगिक विकास के दृष्टिकोण को साकार करने में गौतम बुद्ध नगर की महत्वपूर्ण भूमिका है। उद्यमियों की समस्याओं का समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि शीघ्र ही ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ उद्यमियों की संयुक्त बैठक आयोजित कर समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

आईबीए अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने कहा कि संगठन केवल समस्याएं उठाने वाला नहीं, बल्कि समाधान आधारित सोच के साथ कार्य करने वाला औद्योगिक मंच है। उन्होंने कहा कि जलभराव से मुक्ति, आधुनिक जलनिकासी, बेहतर सीवर, गुणवत्तापूर्ण सड़कें, पथप्रकाश, स्वच्छता, सुरक्षा, नियमित जलापूर्ति तथा जल बिलों की समस्या का समाधान ही वास्तविक औद्योगिक विकास का आधार है।

महासचिव सुनील दत्त शर्मा ने कहा कि उद्यमी विकास के विरोधी नहीं, बल्कि योजनाबद्ध एवं प्राथमिकता आधारित विकास के पक्षधर हैं। मूलभूत सुविधाओं के अभाव में बड़े विकास कार्य भी अपेक्षित परिणाम नहीं दे सकते।

बैठक सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुई। विधायक जी ने उद्यमियों के हितों की रक्षा और समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास करने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय, महासचिव सुनील दत्त शर्मा, वरिष्ठ उद्यमी संजीव चौहान तथा साइट-5 के सेक्टर सचिव वीरेंद्र रावल उपस्थित रहे।

रिपोर्टर भगवत प्रसाद शर्मा

 

 

 

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!