बुलन्दशहर

घरेलू गैस और राशन कटौती से खफा जनता कर रही सप्लाई इंस्पेक्टर को तत्काल हटाने की मांग 

पूर्ति निरीक्षक की कार्यशैली पर जनता में भारी आक्रोश 

औरंगाबाद( बुलंदशहर)कस्बे में घरेलू गैस सिलेंडरों पर हो रही कालाबाजारी सिलेंडरों पर छाया अकाल और सरकारी राशन में उपभोक्ताओं से की जा रही कटौती से त्रस्त लोगों ने शासन प्रशासन से क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक को कस्बे के चार्ज से तत्काल हटाने और किसी तेज़ तर्रार सप्लाई इंस्पेक्टर को तैनात कर जनता को राहत दिलाने की मांग की है।

भारतीय किसान यूनियन चढूनी जिलाध्यक्ष सुनील कुमार लोधी का कहना है कि औरंगाबाद में घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी सप्लाई इंस्पेक्टर की मिली भगत से ही की जा रही है। कस्बे के राशन डीलर उपभोक्ताओं के राशन में धड़ल्ले से बेखौफ होकर कटौती कर रहे हैं। सप्लाई इंस्पेक्टर उपभोक्ताओं की शिकायतों पर कोई कार्रवाई नहीं करते हैं। जनता की समस्याओं को दूर करने में नाकाम सप्लाई इंस्पेक्टर को तत्काल प्रभाव से हटाकर यहां किसी निष्पक्ष ईमानदार पूर्ति निरीक्षक को चार्ज दिया जाएगा तभी आम जनता को राहत मिलेगी उससे पहले नहीं। यदि पूर्ति निरीक्षक को नहीं हटाया जाता है तो हम आंदोलन करने के लिए विवश होंगे।

भाजपा नेता एडवोकेट प्रदीप कुमार लोधी का कहना है कि औरंगाबाद में प्रिंस एच पी गैस एजेंसी पर कालाबाजारी सप्लाई इंस्पेक्टर की मिली भगत से ही की जा रही है।यह उपभोक्ताओं के अधिकारों का खुला हनन है इसको लेकर कुछ वाद उपभोक्ताओं के द्वारा जिला उपभोक्ता फोरम में भी डाले गए हैं। कस्बे में राशन डीलर उपभोक्ताओं के राशन में धड़ल्ले से मनमानी कटौती कर रहे हैं सप्लाई इंस्पेक्टर उपभोक्ताओं की शिकायतों को अनसुनी कर रहे हैं।राशन डीलरों की मनमानी कटौती की शिकायत पूर्व में भी उठाई गई थी लेकिन कुछ रसूखखोरों ने जनता की समस्याओं को दबा दिया जिसका संपूर्ण उत्तर दायित्व जिला आपूर्ति अधिकारी का है। तहसील पर तैनात आपूर्ति अधिकारी को तत्काल हटाया जाए और किसी योग्य अधिकारी को चार्ज दिया जाये तभी आम जनता को राहत मिलेगी।

बसपा नगर अध्यक्ष अजीम शाहिद का कहना है कि आम आदमी गैस सिलेंडर लेने जाता है तो उसे सिलेंडर नहीं मिलता। जैसा अकाल औरंगाबाद कस्बे में पड़ रहा है पूरे जिले में और किसी जगह पर नहीं है। इसके लिए सप्लाई इंस्पेक्टर का रवैया जिम्मेदार है। उनकी जगह प्रीति सिंह जैसी तेज़ तर्रार सप्लाई इंस्पेक्टर को तैनात किया जाना चाहिए तभी यहां की स्थिति में सुधार होगा उससे पहले नहीं। ये इंस्पेक्टर साहब तो एजेंसी वालों की ही गाते हैं।

भाजपा महिला मोर्चा मंडल अध्यक्षा सर्वेश वर्मा का कहना है कि एक तरफ मोदी सरकार महिलाओं को 33%आरक्षण देकर उन्हें सम्मानित करने और उन्हें उनके हक दिलाने के प्रयास में लगी हुई है दूसरी तरफ औरंगाबाद नगर पंचायत सीमा के अंदर प्रिंस गैस एजेंसी संचालकों के अवैध कृत्य और प्रशासनिक अधिकारियों के ढुलमुल रवैए के चलते सरकार की छवि धूमिल हो रही है। यदि गैस आपूर्ति में सुधार नहीं हुआ तो मैं बहुत जल्द सैकड़ों महिलाओं के साथ गैस एजेंसी एवं जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ जोरदार आंदोलन करने के लिए बाध्य होऊंगी।

जन आक्रोश का कारण यह भी बताया जाता है कि आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने कुछ समय पूर्व कस्बे में कर्बला के सामने एक मार्केट में एक हाकर के गोदाम पर छापा मारकर गैस सिलेंडर, कमर्शियल गैस सिलेंडर आदि पकड़ लिये थे लेकिन मोटी रकम वसूल कर मामला रफा-दफा कर दिया गया था। कहा तो यहां तक जा रहा है कि पचास हजार की रकम ऐंठ कर हाकर को क्लीन चिट थमा कर चलते बने थे ये अधिकारी।

रिपोर्टर राजेंद्र अग्रवाल

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!