दनकौर

शिविर में 83 मरीजों की जांच, खून व पोषण की कमी मिली

मौसमी बीमारियों से पीड़िस्वास्थ्यत ग्रामीणों को जांच के बाद वितरित की गई दवाएं, खान-पान व दिनचर्या के प्रति किया जागरूक

बिलासपुर:गांव हिरनौटी सद्दीक की बैठक में शतायु हर्बल हॉस्पिटल सरकपुर की ओर से स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन अस्पताल के संस्थापक डॉ. शैलेश रौसा के नेतृत्व में किया गया। शिविर में चिकित्सकों की टीम ने ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श और दवाएं वितरित कीं। स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच कराई।

शिविर में डॉ. अमित, डॉ. मोहित नागर, डॉ. सुनीता, डॉ. डीके विश्वास, डॉ. मुनीर आलम, डॉ. प्रांजल एस और डॉ. रजत मलिक ने ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच की। इस दौरान ग्रामीणों ने मुख्य रूप से मौसम में बदलाव के कारण होने वाली खांसी, जुकाम, बुखार, शरीर में दर्द सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की शिकायत चिकित्सकों से की। चिकित्सकों ने मरीजों की समस्या सुनने के बाद आवश्यक जांच कर उन्हें प्राथमिक उपचार एवं दवाएं उपलब्ध कराईं।

स्वास्थ्य शिविर में ग्रामीणों की खून, पेशाब, ब्लड प्रेशर, शुगर और वजन समेत विभिन्न प्रकार की जांच की गई। चिकित्सकों ने जांच रिपोर्ट के आधार पर मरीजों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सलाह दी। साथ ही बीमारी से बचाव के लिए साफ-सफाई रखने, संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने और नियमित दिनचर्या अपनाने के लिए जागरूक किया गया।

अस्पताल के संस्थापक डॉ. शैलेश रौसा ने बताया कि शिविर में कुल 83 मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई। जांच के दौरान कई मरीजों में खून और पौष्टिकता की कमी पाई गई। चिकित्सकों ने ऐसे मरीजों को खान-पान में पौष्टिक आहार शामिल करने तथा अपनी दिनचर्या और रहन-सहन में आवश्यक सुधार करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि मौसम में बदलाव के दौरान लोग स्वास्थ्य के प्रति विशेष सावधानी बरतें और किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर समय रहते चिकित्सकीय परामर्श लें।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता और प्राथमिक जांच की सुविधा पहुंचाना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से ग्रामीणों की जांच कर उन्हें बीमारी से बचाव और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

शिविर के दौरान कपिल सिंह भाटी, सोनिया नायक, वंश रौसा, पुरन सिंह, संजय सिंह, नेपाल सिंह, सोनू, इंद्रजीत, खौराज आदि मौजूद रहे।

रिपोर्टर घनश्याम पाल

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!