द्रोण मेले में स्थानीय कलाकारों ने मंचित किया वीर अभिमन्यु नाटक

दनकौर :दनकौर स्थित गुरु श्री द्रोणाचार्य के पवित्र प्रांगण में आयोजित 103वें वार्षिक श्रीकृष्ण जन्मोत्सव द्रोण मेले में धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला जारी है। मेले में रात्रि के समय श्री द्रोण नाट्य मंडल दनकौर के स्थानीय कलाकारों ने ‘वीर अभिमन्यु’ नाटक का भावपूर्ण मंचन कर दर्शकों को महाभारत काल की वीरगाथा से रूबरू कराया।

नाटक के माध्यम से कलाकारों ने अभिमन्यु के अदम्य साहस, शौर्य, पराक्रम और राष्ट्रधर्म के प्रति समर्पण को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। कलाकारों के शानदार अभिनय और संवाद अदायगी ने दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा। मंचन के दौरान अभिमन्यु के चक्रव्यूह में प्रवेश और उनके अद्भुत शौर्य के प्रसंगों पर दर्शकों ने तालियों से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
मेले में नाटक देखने के लिए दनकौर नगर के अलावा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। रंगमंच पर स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा। धार्मिक आस्था के साथ ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व रखने वाले इस मेले में प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक और मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
आयोजक श्री द्रोण गौशाला समिति की ओर से सांस्कृतिक समारोह में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया गया। समिति पदाधिकारियों ने कहा कि द्रोण मेले का उद्देश्य धार्मिक परंपराओं को जीवंत रखने के साथ-साथ स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान करना और युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति एवं गौरवशाली इतिहास से परिचित कराना भी है।
मेले में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए आयोजन स्थल पर व्यवस्थाओं को लेकर समिति के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता लगातार सक्रिय रहे। श्रद्धालुओं ने धार्मिक आयोजन के साथ स्थानीय कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लिया।






