श्री बाबा मोहन राम संकीर्तन में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

बिलासपुर: रामपुर माजरा गांव स्थित मोहन बाबा मंदिर परिसर में शनिवार को मोहन बाबा संकीर्तन का आयोजन श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ किया गया। संकीर्तन में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मंदिर परिसर में गाजे-बाजे के साथ मोहन बाबा के भजनों और संकीर्तन से वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने श्रद्धा के साथ बाबा के दरबार में मत्था टेककर पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
डॉ. कर्मवीर भाटी के नेतृत्व में भगत तुषार भाटी ने विधि-विधान के साथ बाबा मोहन राम की पूजा-अर्चना कराई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से मोहनराम बाबा के भजनों का गुणगान किया। भगत तुषार भाटी ने श्रद्धालुओं को मोहनराम बाबा की महिमा के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि धार्मिक आयोजनों से समाज में आपसी भाईचारा, श्रद्धा और सद्भाव की भावना मजबूत होती है। संकीर्तन के दौरान श्रद्धालु भजनों पर भाव-विभोर होकर झूमते नजर आए।
मंदिर परिसर में पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने संकीर्तन में बढ़-चढ़कर भाग लिया और बाबा के जयकारे लगाए। आयोजन में सलेमपुर गुर्जर, रामपुर माजरा, बिलासपुर, दलेलगढ़, बिरौंडी, सिकंदराबाद सहित आसपास के विभिन्न गांवों से श्रद्धालु पहुंचे।
इस मौके पर गजराज भाटी, महकार भाटी, शिवमूरत, मुन्ना पाल, भौती देवी, राजेश्वरी, सुनीता, रविता, दयावती, पिंकी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। संकीर्तन के समापन पर श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया और बाबा का आशीर्वाद लिया।
रिपोर्टर घनश्याम पाल






