महर्षि यूनिवर्सिटी नोएडा द्वारा 350 मेधावियों का सम्मान

नोएडा: शिक्षा के क्षेत्र में प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और विद्यार्थियों के मनोबल को बढ़ाने के उद्देश्य से महर्षि यूनिवर्सिटी ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, नोएडा द्वारा “उड़ान-2026” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नोएडा एवं आसपास के क्षेत्रों के विभिन्न विद्यालयों से आए 350 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर उनकी उपलब्धियों का सम्मान किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों ने भी बड़ी संख्या में सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनकी मेहनत और लगन के लिए सम्मानित करने के साथ-साथ उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना था।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि महर्षि यूनिवर्सिटी सदैव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए प्रतिबद्ध रही है। “उड़ान-2026” जैसे कार्यक्रम युवाओं को उनकी प्रतिभा के अनुरूप आगे बढ़ने का मंच प्रदान करते हैं और उन्हें नई ऊंचाइयों तक पहुंचने के लिए प्रेरित करते हैं।
इस मौके पर कई स्कूलों के प्रिंसिपल और टीचर्स भी मौजूद रहे जिन्हें विश्वविद्यालय ने सम्मानित कर विद्यार्थियों की सफलता के पीछे छिपे संघर्ष को भी सराहा।
कार्यक्रम के अंत में सभी सम्मानित विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं तथा शिक्षा, नवाचार और नेतृत्व के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।






