शिक्षण संस्थान

जी डी गोयंका पब्लिक स्कूल में हुआ प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन 

ग्रेटर नोएडा:जी डी गोयंका पब्लिक स्कूल, स्वर्ण नगरी, ग्रेटर नोएडा में आज विद्यार्थियों की मेधा, सृजनशीलता, अनुशासन तथा विविध क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियों के सम्मानार्थ भव्य एवं गरिमामय प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में , शिक्षकगण, अभिभावकगण एवं छात्र-छात्राओं की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही।

समारोह के मुख्य अतिथि मुख्य अतिथि मेजर जनरल विजय राना डे एवं डॉ. शुभम शर्मा रहेI मुख्य अतिथियों का विद्यालय परिवार द्वारा पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर हार्दिक स्वागत किया गया। तत्पश्चात दीप प्रज्वलन के साथ एक अत्यंत मधुर अंग्रेज़ी गीत की मनोहारी प्रस्तुति की गई, जिसने उपस्थित सभी अतिथियों का ध्यान आकर्षित किया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या ने अपने स्वागत उद्बोधन में कहा कि इस प्रकार के सम्मान समारोह विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, परिश्रम तथा निरंतर प्रगति की भावना को प्रबल करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों की उल्लेखनीय उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शिक्षकों एवं अभिभावकों को भी बधाई दी।

प्रतिभा सम्मान समारोह में विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। साथ ही उन छात्र-छात्राओं को भी कम्युनिटी स्टार सम्मान प्रदान किया गया, जिन्होंने सामाजिक उत्तरदायित्व, सहयोग, अनुशासन तथा सकारात्मक व्यवहार के माध्यम से विद्यालय एवं समाज में आदर्श उदाहरण प्रस्तुत किया। ऐसे विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया, जो अपने सहपाठियों एवं मित्रों के लिए प्रेरणास्रोत बने।

इसके अतिरिक्त विभिन्न ज्ञान प्रतियोगिताओं तथा ओलंपियाड परीक्षाओं में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों, अतर्सदनीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। विद्यालय द्वारा उन विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने संगीत, नृत्य, चित्रकला, हस्तकला, सृजनात्मक गतिविधियों तथा अन्य सहशैक्षिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रतिभा का परिचय दिया।

समारोह का विशेष आकर्षण वे विद्यार्थी रहे जिन्होंने लेखन एवं साहित्य के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। विद्यालय के अनेक उदीयमान छात्र-छात्राओं ने अपने मनोभावों, विचारों एवं रचनात्मक अभिव्यक्तियों को लेखन के माध्यम से प्रकाशित कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया है। ऐसे प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि डॉ. शुभम शर्मा ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि वर्तमान समय के विद्यार्थी केवल अध्ययन तक सीमित नहीं हैं, अपितु वे साहित्य, विज्ञान, कला तथा सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे अनेक क्षेत्रों में नई पहचान स्थापित कर रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम एवं सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने वातावरण को आनंदमय बना दिया। इसके उपरांत सांस्कृतिक गरिमा को प्रदर्शित करते हुए भारतीय शास्त्रीय नृत्य की सुंदर एवं भावपूर्ण प्रस्तुति दी गई, जिसने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।समारोह के अंत में सभी सम्मानित विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकगण को शुभकामनाएँ देते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया गया।

विद्यालय के प्रधानाचार्या ने अपने संदेश में कहा कि जी डी गोयंका पब्लिक स्कूल सदैव विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानने, प्रोत्साहित करने तथा उन्हें श्रेष्ठ नागरिक के रूप में विकसित करने हेतु निरंतर प्रतिबद्ध है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!