रतनपुर में दबंगों ने पाक्सो मुकदमे के गवाह को जमकर धुना
घर में घुसकर दीवार तोड़ कर दी जान से हाथ धोने की धमकी,आधा दर्जन नामजदों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज

औरंगाबाद( बुलंदशहर )थाना क्षेत्र के एक गांव में दबंगों ने पाक्सो एक्ट मुकदमे में गवाह को गवाही ना देने के लिए कहा। इंकार करने पर दबंगों ने गवाह के घर में घुसकर लात घूसों से जमकर धुनाई कर डाली। यही नहीं दबंगों की महिलाओं ने घर घुसकर मकान की दीवार ढ़हा दी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने पूर्व प्रधान व उसके पुत्र सहित आधा दर्जन नामजदों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। सभी नामजद आरोपी फरार होने में कामयाब रहे

मामला बेहद संगीन। थाना क्षेत्र के गांव रतनपुर में एक दबंग पूर्व प्रधान के पुत्र ने गांव की एक नाबालिग छात्रा के साथ अश्लील हरकतें की थी। जिसका मुकदमा न्यायालय में विचाराधीन है। पंद्रह अप्रैल को थाना पुलिस ने वादिया को लिखित सूचना देकर अपने अधिवक्ता के माध्यम से पैरवी करने का अनुरोध किया।
भनक मिलते ही आरोपी पक्ष ने मुकदमा दर्ज कराने वाली पीड़िता की मां को पैरवी ना करने के धमकाते हुए जान से हाथ धोने की धमकी दे डाली। पीड़िता की मां ने मामले की जानकारी 18 अप्रैल को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को लिखित तहरीर देकर दबंगों से सुरक्षा की गुहार लगाई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो सकी।
इसके चलते दबंगों के हौसले सातवें आसमान पर पहुंच गए और उन्होने मुकदमे के गवाह पीड़िता के चाचा अनिल पुत्र रामदास के घर में घुसकर शनिवार को जमकर धुना। चीख-पुकार सुनकर लोगों ने उसे बचाया। तभी आरोपी पक्ष की महिलाओं ने जबरन घर में घुस कर चिनी जा रही दीवार को ढहा दिया।
हमलावर गवाही देने पर जान से मार डालने की धमकी देते हुए भाग निकले। पीड़ित पक्ष ने 112डायल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू की। पीड़ित अनिल पुत्र रामदास की तहरीर पर पुलिस ने पूर्व प्रधान लेखराज उर्फ भूरा पुत्र फकीर चंद, सचिन पुत्र लेखराज,रीगन,सौरभ, कैलाश एवं लोकेश सभी निवासी रतनपुर के खिलाफ धारा 191(2),333,324,351,352, तथा 115(2) के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है। सभी नामजद आरोपी फरार होने में कामयाब रहे।
रिपोर्टर राजेंद्र अग्रवाल






